भारतीय किसान यूनियन चढ़ूंनी की युवा कार्यकारिणी ने चलाया किसान जागृति अभियान

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद में भारतीय किसान यूनियन चढ़ूंनी की युवा कार्यकारिणी ने चलाया किसान जागृति अभियान। युवा इकाई के जिलाध्यक्ष आशु चौधरी ने शेरगढ़, हाजीपुरा, कालाखेड़ा आदि गांव में किसानों से भारतीय किसान यूनियन से जुड़ने का आह्वान किया। शेरगढ़ निवासी नाजिम सैफी को युवा ब्लॉक अध्यक्ष हसनपुर और तालिब सैफी को गंगेश्वरी युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। शेरगढ़ गांव में जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी और मंडलाध्यक्ष शकील चौधरी ने चौपाल लगाकर किसानों की समस्याओं को सुना। नरेश चौधरी ने कहा कि अब अपने हक की लड़ाई सड़क पर उतरकर लड़नी पड़ेगी। आज किसान के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा होने वाला है क्योंकि किसानों की खड़ी फसल को छुट्टा पशु खा गए और गन्ने का भाव बढ़ाने को सरकार तैयार नहीं है। इसलिए अब किसानों के सामने करो या मरो वाली स्थिति पैदा हो गई है। मंडलाध्यक्ष शकील चौधरी ने कहा कि किसानों को अब अच्छे से समझ आ गया है कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों को दर किनार करती जा रही। प्रदेश में पूंजीपतिवाद को बढ़ावा मिल रहा लेकिन खेतों में अनाज पैदा नहीं होगा तो पूंजीपति हो या मंत्री हो तो रोटी कैसे खाएंगे? किसान के साथ सोतेला व्यवहार ठीक नहीं है। किसान भी इस देश का हिस्सा है। किसान की फसलों को बचाने के लिए सरकार को ध्यान रखना चाहिए और किसानों की फसल का भाव बढ़ाकर किसानों का मान सम्मान रखना चाहिए। इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह, आशु चौधरी, अमरजीत राय, इसरार मलिक, अनीस सैफी, आरिफ सैफी, नाजिम चौधरी, फरमान चौधरी, युसूफ सैफी, इदरीस मोहम्मद, अनिल चौधरी, कल्लू सिंह, जसविंदर सिंह, रोहित कुमार, हिमांशु वर्मा, मलखान वर्मा, अनिल चौधरी, प्रशांत चौधरी आदि मौजूद रहे।




