अमरोहा में औद्योगिक विकास को नई गति,2,006 करोड़ की निवेश परियोजनाओं में शुरू हुआ व्यावसायिक संचालन
जिलाधिकारी डा. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में जी॰बी॰सी को तैयार औद्योगिक इकाइयों की समीक्षा बैठक आयोजित

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद अमरोहा में औद्योगिक विकास को नई गति देने, निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारने तथा उद्यमियों के लिए अनुकूल औद्योगिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डा. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में जीबीसी (ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी) हेतु तैयार औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जीबीसी हेतु तैयार उन औद्योगिक परियोजनाओं में वाणिज्यिक संचालन (Commercial Operation) प्रारंभ कराने की दिशा में तेजी लाना था, जिनमें विभिन्न कारणों से संचालन अभी शुरू नहीं हो पाया है। जिलाधिकारी ने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं विभागीय स्तर पर आ रही बाधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में निवेश को प्रोत्साहित करना, औद्योगिक इकाइयों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा निवेश प्रस्तावों को वास्तविक औद्योगिक गतिविधियों में परिवर्तित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से परियोजनाओं को शीघ्र संचालन की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।

जनपद में जीबीसी हेतु तैयार 72 परियोजनाओं में से 59 परियोजनाओं में वाणिज्यिक संचालन प्रारंभ हो चुका है। इन संचालित परियोजनाओं में लगभग ₹2,006 करोड़ का निवेश शामिल है। इन औद्योगिक इकाइयों के संचालन से जनपद में रोजगार के व्यापक अवसर सृजित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा मिल रही है।
शेष परियोजनाओं में भी वाणिज्यिक संचालन प्रारंभ कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों एवं उद्यमियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे जनपद में निवेश प्रस्तावों के प्रभावी क्रियान्वयन, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन को और गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी
(न्यायिक), उपायुक्त उद्योग, इन्वेस्ट यू ॰पी के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ ही गजरौला में जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित भी उपस्थित रहे।



