महिला सशक्तीकरण पर विशेष व्याख्यान एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
गजरौला के रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। रामाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, गजरौला (अमरोहा) में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में महिला सशक्तीकरण विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास तथा समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।

मुख्य वक्ता स्वास्तिक साहनी, कवि एवं लेखक ने अपने विचार प्रस्तुत किए। वह हंसराज कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक तथा दिल्ली विश्वविद्यालय से अंग्रेज़ी साहित्य में स्नातकोत्तर हैं। इसके साथ ही यूजीसी-नेट उत्तीर्ण हैं तथा करियर लॉन्चर, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली में अंग्रेज़ी भाषा प्रवीणता के शिक्षक भी हैं। उन्होंने अपने साहित्यिक एवं शैक्षणिक अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया।

महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. प्रतीत कुमार ने अपने संबोधन में महिला सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को महिलाओं के प्रति सम्मान, समान अवसर और समानता की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सशक्त महिलाएँ न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

महाविद्यालय की प्राचार्या डा. अजीता रानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला सशक्तीकरण एक प्रगतिशील एवं समतामूलक समाज के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मविश्वास विकसित करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर एवं सम्मान प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, सामाजिक संवेदनशीलता तथा लैंगिक समानता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन डा. श्वेता अग्रवाल द्वारा प्राचार्या डा. अजीता रानी के मार्गदर्शन में किया गया। महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका प्रो. उषा साहनी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, सकारात्मक सोच और समानता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अगले चरण में सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।इस अवसर पर संयोजिका, महिला प्रकोष्ठ प्रो. उषा साहनी, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. प्रतीत कुमार, डा. दीक्षा, डा. नेहा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने दोनों गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

दोनों कार्यक्रमों के सफल आयोजन में समस्त महाविद्यालय परिवार का सहयोग प्राप्त हुआ।



