पॉलीथिन के बहिष्कार को जुबिलेंट ने कराया कपड़े के थैलों का मुफ्त वितरण

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। पॉलीथिन न केवल धरती की उर्वरक क्षमता नष्ट करती है बल्कि इसे खाकर निरीह पशु-पक्षियों की भी मौत हो जाती है। इसलिए जरूरी है कि इसे उपयोग में न लाया जाए और यह तभी संभव है जब हम सभी इसके बहिष्कार की शपथ लेंगे और घरों से सामान खरीदने जाते समय कपड़े अथवा जूट से बने थैले साथ लेकर निकलेंगे। लोगों में पॉलीथिन के बहिष्कार के प्रति जागरूकता लाने को जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड एवं जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन द्वारा नगर पालिका परिषद के सहयोग से कपड़ों के थैले वितरित किए गए।शुक्रवार को अमरोहा जनपद के गजरौला बस्ती में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में जुबिलेंट की ओर से कपड़ों से बने थैलों का मुफ्त वितरण कराया गया। नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी ने इसके लिए जुबिलेंट प्रबंधन की प्रशंसा भी की। कहा कि पॉलीथिन मानव और पशु दोनों के लिए भी घातक है। इसलिए इसे उपयोग में लाने से बचें। जुबिलेंट के निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने कहा कि जुबिलेंट द्वारा बड़ी संख्या में कपड़े के थैले बनवाए गए हैं और समय-समय पर इनका वितरण भी कराया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जितना आवश्यक पौधरोपण है उतना ही आवश्यक पॉलीथिन पर प्रतिबंध भी है। सीएसआर कार्यक्रम अधिकारी विकास कुमार ने लोगों को पॉलिथीन से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर जुबिलेंट की सीएसआर टीम की श्रेया वर्मा, नवनीत सिंह के साथ ही पालिका की ओर से वरिष्ठ लिपिक वेदप्रकाश, वंदना अग्रवाल, अजय कुमार भी मौजूद रहे।








