गजरौला में जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन ने किया किसान सम्मेलन का आयोजन

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद के गजरौला में स्थित जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड और जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन के तत्वावधान में किसान सम्मेलन का आयोजन कर उन्हें कृषि कार्य के संबंध में बताया गया। साथ ही ग्रामीणों को गजरौला में स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के संबंध में भी जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों की कृषि संबंधित समस्याओं का समाधान भी किया।
बृहस्पतिवार को विकासखंड के गांव कुमराला में स्थित एचसीएम इंटर कालेज में जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड एवं जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से प्रखंड स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। यहां कृषि विज्ञान केंद्र से आए वैज्ञानिकों ने फसलों के उत्पादन के संबंध में किसानों को जानकारी दी। गेहूं की फसल में होने वाले रोग की रोकथाम के लिए उन्नत किस्म की दवा आदि के छिड़काव के बारे में बताया। बदलते मौसम में फसलों में होने वाली बीमारियों के संंबंध में भी बताया। सम्मेलन में मौजूद किसानों ने कृषि वैज्ञानिकों से उन्नत फसलों के उत्पादन के संबंध में सवाल भी पूछे। जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन के मेडिकल हेड डाक्टर सुजिंदर फोगाट ने किसानों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड के संबंध में बताया। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय लोगों खासकर ग्रामीण और किसानों के लिए जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन की गजरौला में डिस्पेंसरी भी है। किसान सम्मेलन में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डाक्टर एके मिश्रा, कृषि प्रसार अधिकारी डाक्टर आरपी सिंह,डाक्टर अमित तोमर, डाक्टर नबी हुसैन, डाक्टर पुष्पेंद्र सिंह के साथ ही , एचसीएम इंटर कालेज के संचालक सर्वेंद्र सिंह, जुबिलेंट में सीएसआर के कार्यक्रम अधिकारी विकास सिंह, श्रेया वर्मा, नवनीत ग्रेवाल, बूंदी सिंह, विशाल कुमार आदि भी मौजूद रहे। जुबिलेंट में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने बताया कि क्षेत्रीय किसानों को खेती से संबंधित जानकारियों के आदान-प्रदान के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।







