अमरोहा जनपद में अपराधियों की तैयार हो रही 20 वर्षों की कुंडली

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने समीक्षा कर संबंधितों को दिए कार्यवाही करने के सख्त निर्देश
नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। लोकसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। अमरोहा जनपद में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब पुलिस का पूरा फोकस अपराधियों पर फोकस हो गया है। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने इसके लिए जनपद अमरोहा में अपराधिक तत्वों के 20 वर्षों के आपराधिक इतिहास ज्ञात किये जाने व उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही को शुरू किये गये अभियान की समीक्षा कर संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इसके लिए उन्हें पांच दिन का समय दिया गया।
बृहस्पतिवार को पुलिस आफिस में आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने साफ कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए जनपद में चल रहा अभियान जारी रहेगा। कानून तोड़ने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। उन्हें जरा भी छूट नहीं दी जाएगी। साथ ही लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई करेंगे। इस दौरान वाचक पुलिस अधीक्षक, प्रभारी मानिटिंरिंग शाखा, प्रभारी जनशिकायत प्रकोष्ठ, प्रभारी आईजीआरएस, डीसी सीसीटीएनएस आदि प्रत्येक थाना से आये थाना पैरोकार आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बता दें कि पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह द्वारा जनपद अमरोहा में संदिग्धों/अपराधियों के आपराधिक इतिहास ज्ञात किये जाने व उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही को शुरु किये गये अभियान के तहत डीसीआरबी, CCTNS, थाने के अपराधिक इतिहास रजिस्टर व मानिटिरिंग सेल के माध्यम से 20 वर्षों के सभी अपराधिक तत्वों का लेखा जोखा तैयार किया जा रहा है । अपराधिक इतिहास ज्ञात होने के उपरान्त सम्बन्धित थाना पुलिस द्वारा अपराधिक तत्वों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीट, गुंडा, गैंगस्टर, 110जी, माफिया आदि के तहत कार्यवाही अमल में लायी जायेगी । वर्षों से माननीय न्यायालय में लंबित मामलों में अपराधियों की लिस्ट बनाकर प्रभावी पैरवी कर तेजी से सजा दिलाने की कार्यवाही होनी है । सभी अपराधियों के कोर्ट में चल रहे मामले के संबंध में वाद संख्या प्राप्त कर सभी थाने के पैरोकारों द्वारा सूची तैयार की जानी है।





