किसानों को मुफीद साबित हो रहा जेबीएफ का मृदा परीक्षण केंद्र
अपने खेतों की मिट्टी की जांच कराकर उन्नत खेती कर रहे हैं किसान
नवनीत अग्रवाल
अमरोहा । गजरौला में जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन के ग्रामीण समृद्धि केंद्र पर स्थित मृदा परीक्षण केंद्र किसानों को मुफीद साबित हो रहा है। यहां किसान अपने खेतों की मिट्टी की जांच कराकर उन्नत खेती कर रहे हैं।
जेबीएफ के कार्यक्रम अधिकारी विशाल गौरव ने बताया कि नगर के मोहल्ला गंगानगर में स्थित जेबीएफ के ग्रामीण समृद्धि केंद्र पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण तो दिया ही जाता है। साथ ही यहां मृदा परीक्षण केंद्र भी है जहां ब्लाक के कई गांवों के किसान अपने खेतों की मिट्टी लाकर उसकी जांच कराते हैं। कमी पाए जाने पर वैज्ञानिक तरीके से उसका उपचार कराते हैं और फिर उन्नत खेती करते हैं। मृदा परीक्षण केंद्र के लैब टेक्नीशियन अभिषेक कुमार ने बताया कि इसके लिए किसानों को अपने खेत के चारों कोने और बीच के हिस्से से महज 100 ग्राम मिट्टी लानी होती है। इस मिट्टी का मिश्रण कर घोल बनाकर उसका परीक्षण किया जाता है। उन्होंने बताया कि जेबीएफ की इस लैब से कई किसान लाभांवित हो रहे हैं।
वहीं जुबिलेंट में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने बताया कि जुबिलेंट शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा प्रोत्साहन, पर्यावरण संरक्षण, चिकित्सा, कृषि आदि तमाम क्षेत्रों में सतत कार्य कर रही है।




