बछरायूं में ‘हेल्दी बेबी शो’ आयोजित, क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा ने किया शुभारंभ
बाल स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण एवं दांतों की देखभाल पर दिया जोर, प्रतिभावान बच्चों को किया सम्मानित

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा/बछरायूं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद अमरोहा के 50 शैय्या युक्त चिकित्सालय बछरायूं में ‘हेल्दी बेबी शो’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ धनौरा विधायक राजीव तरारा ने किया। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों की उचित देखभाल, संतुलित आहार, साफ-सफाई और समय पर टीकाकरण के महत्व पर जोर दिया गया। अभिभावकों को बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन में बच्चों के टीकाकरण कार्ड को अनिवार्य रखा गया, जिससे संपूर्ण एवं समयबद्ध टीकाकरण का संदेश दिया गया।

इसके साथ ही बच्चों में दांतों से जुड़ी समस्याओं एवं मुख की स्वच्छता के प्रति भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। दांतों की उचित देखभाल, नियमित सफाई तथा किसी भी समस्या के समय पर उपचार के महत्व को प्रमुखता दी गई।

इस अवसर पर विधायक राजीव तरारा ने प्रतिभावान बच्चों एवं कार्यक्रम के प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों एवं अभिभावकों की सहभागिता से कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण रहा। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

‘हेल्दी बेबी शो’ के माध्यम से बच्चों के स्वस्थ विकास तथा परिवारों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने बाल स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण एवं दंत स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों को जनसामान्य तक पहुंचाने का अवसर प्रदान किया।

इस अवसर पर डॉ रंजना ,मंडल अध्यक्ष रोहित जी, शुभम , अरुण रस्तोगी , चंद्रपाल , रोहित , सतपाल पाल, अक्षय , सतवीर, विनोद सहित चिकित्सालय के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




