गजरौला में फर्राटा भर रहीं रोडवेज की नकली बसें

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद के गजरौला में डग्गामारी रुकने का नाम नहीं ले रही है। चौपला चौराहे पर बसों की प्रतीक्षारत यात्रियों को डग्गामार वाहनों में बैठते हुए आसानी से देखा जा सकता है। यह तस्वीरें हैं बृहस्पतिवार की दोपहर गजरौला में चौपला पुलिस चौकी के पास की। आप खुद देख सकते हैं कि यहां यात्री डग्गामार वाहनों में सवार हो रहे हैं। इतना ही नहीं रोडवेज के रंग से मिलतीजुलती नकली बसें भी गजरौला से दिल्ली के लिए लगातार फर्राटे भर रही हैं। हालांकि कुछ दिन पूर्व तत्तालीन चौपला चौकी इंचार्ज नितेंद्र वशिष्ठ ने चौपला पर एक नकली ऱोडवेज बस का चालान भी किया था। वहीं दो दिन पूर्व चौपला पुलिस ने डग्गामार वाहनों से वसूली करने वाले एक शख्स को पकड़कर कड़ी फटकार भी लगाई थी लेकिन डग्गामारी बदस्तूर जारी है। वहीं इन वाहनों के कारण हाईवे पर जाम भी लग जाता है। जिसे खुलवाने को चौपला पुलिस को कड़ी मशक्कत भी करनी पड़ती है।










