सोशल मीडिया पर छिड़ी वार, विधायक पद पर चहेता चेहरा किसका होगा अबकी बार
आमजन में बन रही भ्रम की स्थिति, लड़ाई से दूर लोगों के नाम भी कर रहे शामिल

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। सोशल मीडियाका दौर है। कुछ भी पेश कर दो पलक झपकते ही वायरल हो जाएगा। यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। अभी पार्टियों ने भले ही प्रत्याशियों ने नामों पर मंथन करने की योजना तकनहीं बनाई होगी लेकिन सोशल मीडिया का सर्वे कई लोगों को बैठे-बिठाए विधायक (संभावित/ पसंदीदा चेहरा) बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। सभी अपनी-अपनी ढपली, अपना-अपना राग की तर्ज पर सर्वे रिपोर्ट फ्लैश करने में लगे हुए हैं। खास बात यह है कि इनमें कई नाम ऐसे भी हैं जिनकी चुनाव लड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं है और ना ही उनका कोई जनाधार।
इन दिनों सोशल मीडिया का जादू सभी के सिर पर चढ़कर बोल रहा है। सोशल मीडिया पर कई लोग अपना उल्लू सीधा करने में भी लगे हुएहैं। अब प्रदेश में2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ही देख लीजिए। अभी दूर-दूर तक कहीं कोई सुगबुगाहट नहीं है। किसे टिकट मिलेगा और किसका कटेगा? इसकी भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। इसके बावजूद इन दिनों सोशल मीडिया पर विधायक के नाम को लेकर चल रहे सर्वे काफी चर्चाओं में हैं। जिन लोगों के नाम सर्वे में आगे आ रहे हैं। वे मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखने लगे हैं लेकिन जिन लोगों के नाम पीछे दर्शाए जा रहे हैं वे पानी पी-पीकर ऐसे सर्वेयरों को कोस रहे हैं। यदि बात की जाए अमरोहा जनपद की तो यहां भी सोशल मीडिया पर कई सर्वे चल रहे हैं। इनमें किसी नेता को पहले नंबर पर दिखाया जा रहा है तो दूसरे सर्वे में उसे दूसरे या तीसरे नंबर पर। जो लोग चुनाव की दौड़ में शामिल भी नहीं हैं। उनका नाम भी इस सर्वे रिपोर्ट में दिया गया है। वहीं जो लोग पिछले कई वर्षों से चुनाव लड़ने का दिव्य स्वप्न देख रहे हैं, उनका नाम ही लिस्ट से गायब है। ऐसे में इन सर्वों की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगना स्वाभाविक है। हां, इतना जरूर है कि इन तथाकथित सर्वों में खुद का नाम देख संबंधितों ने मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखने शुरू कर दिए हैं।



