गजरौला थाने में समाधान दिवस में डीएम एवं एसपी के समक्ष आईं तीन शिकायतें, सभी निस्तारित

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। गजरौला थाने में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने फरियादियों की शिकायतों को सुना और गंभीरता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए । उनके समक्ष तीन शिकायतें आईं। तीनों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शनिवार को डीएम एवं एसपी गजरौला थाने पहुंचे और यहां लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी फरियादी को बार-बार दौड़ाया न जाए । अधिकतर शिकायतों का निस्तारण थाना स्तर पर ही कर दिया जाए उन्हें जिला स्तर पर पहुंचने का मौका ही न दिया जाए । कहा कि यदि थाना स्तर से शिकायतों का निस्तारण हो जाएगा तो इससे पीड़ित को अनावश्यक दौड़ना नहीं पड़ेगा और वह खर्चों से भी बच जाएगा । डीएम ने कहा कि पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। वे न्याय मिलने के उद्देश्य से ही थाने में आते हैं। उनके साथ किसी तरह का पक्षपात न किया जाए। उन्होंने राजस्व से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चकरोड, तालाब, चारागाह, ग्राम समाज की जमीन की भूमि पर अवैध कब्जे और पैमाइश संबंधी कोई शिकायत लम्बित नहीं रहनी चाहिए। अभियान चलाकर ऐसी जमीनों को पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से कब्जा मुक्त कराया जाए। जिलाधिकारी ने इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ को निर्देशित करते हुए कहा कि महिलाओं से सम्बन्धित जो भी शिकायतें आती हैं उनको प्राथमिकतापूर्वक सुना जाए और उन्हें उचित न्याय दिलाया जाए। महिलाओं के अपराध संबंधी की गई लापरवाही क्षम्य नहीं होगी । इस मौके पर मंडी धनौरा के सीओ अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे।







