वेंकटेश्वरा के प्रतिकुलाधिपति डा. राजीव त्यागी की पुत्री ने राष्ट्रपति की कलाई पर बांधी तिरंगे वाली राखी

“राष्ट्रपति भवन के विशेष निमंत्रण पर द आर्यन स्कूल की वान्या त्यागी समेत पांच छात्राओं ने की महामहिम राष्ट्रपति से भेंट
“वान्या त्यागी ने महामहिम राष्ट्रपति को बताया महिला सशक्तिकरण की देश की सबसे बड़ी एंबेसडर
नवनीत अग्रवाल
अमरोहा/ नई दिल्ली। श्री वेंक्टेश्वर यूनिवर्सिटी के प्रतिकुलाधिपति डाक्टर राजीव त्यागी की पुत्री “वान्या त्यागी ने अपने सहपाठिों के संग हस्त निर्मित तिरंगे वाली राखी महामहीम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु की कलाई पर बांधी एवं उन्हें उनकी प्रतिमा एवं चंद्रयान-3 का स्केच भेंट किया। महामहिम ने भी रिटर्न गिफ्ट के रूप में ढेर सारी चॉकलेट, किताबें ,स्टेशनरी, राष्ट्रपति भवन का पेन एवं राष्ट्रपति भवन का खादी का थैला बच्चों को भेंट किया।
बृहस्पतिवार को अमरोहा जनपद में राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय/ संस्थान के प्रतिकुलाधिपति एवं राष्ट्रीय प्रेरक वक्ता डाक्टर राजीव त्यागी की छोटी पुत्री वान्या त्यागी (परी) ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर राष्ट्रपति भवन के निमंत्रण पर अपनी चार साथी छात्राओं के साथ महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को हस्तनिर्मित तिरंगे वाली राखी बांधकर सेलिब्रेट किया। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी शिक्षकों के सहयोग से चंद्रयान-3 एवं महामहिम का हस्तनिर्मित स्केच भी उनको भेंट किया। वान्या ने महामहिम राष्ट्रपति को महिला सशक्तिकरण की देश की सबसे बड़ी एंबेसडर बताते हुए उनके जैसा बनने की इच्छा जाहिर की तो महामहिम ने भी बच्चों के इस सवाल पर उन्हें दुलारते हुए उनको अपने से भी अच्छा बनने का आशीर्वाद दिया।
” राष्ट्रपति भवन के कल्चरल सेंटर में आयोजित इस ऐतिहासिक रक्षाबंधन समारोह के बारे में जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य अजय गुप्ता ने बताया कि रक्षाबंधन पर राष्ट्रपति भवन के बुलावे पर स्कूल की पांच सदस्य छात्राओं वान्या त्यागी, अक्षी, मानसी सिंह, गुनिका सिंह, सिद्धि वर्मा के साथ वह राष्ट्रपति भवन पहुंचे। बताते चलें कि कक्षा 8 की छात्रा वान्या त्यागी नेशनल मोटिवेशनल स्पीकर एवं वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ राजीव त्यागी की छोटी सुपुत्री हैं। डॉक्टर त्यागी की बड़ी बेटी कशिश त्यागी भी बेहद होनहार छात्रा हैं। पिछले वर्ष उन्होंने सी यू ई टी राष्ट्रीय परीक्षा में देश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। अब दिल्ली विश्वविद्यालय के शीर्ष हिंदू कॉलेज से ह्यूमैनिटीज ऑनर्स की पढ़ाई कर रही हैं।
“रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर वान्या की महामहिम से हुई शानदार ऐतिहासिक भेंट पर वेंकटेशवरा समूह के अध्यक्ष डाक्टर सुधीर गिरि ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए ढेर सारे उपहार भेंट किए। वहीं स्कूल प्रबंधन की ओर से चौधरी हरपाल सिंह, अनिल सिंह, गौरव चौधरी एवं अमन व प्रधानाचार्य अजय गुप्ता ने सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की है। इन बच्चों को बधाई देने वालों में वेंकटेश्वरा समूह के अध्यक्ष डॉक्टर सुधीर गिरि के प्रधान सलाहकार डाक्टर वीपीएस अरोड़ा,सीईओ अजय श्रीवास्तव, प्रभारी कुलपति प्रोफेसर राकेश यादव, कुलसचिव डाक्टर पीयूष पांडे, मेरठ परिसर से डाक्टर प्रताप, एसएस बघेल, अरुण गोस्वामी भी रहे।








