प्रवेश पत्र मांगने पर शिक्षक ने छात्र को पीटा, वीडियो हो रहा वायरल

छात्र के पिता ने शिक्षक के खिलाफ थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
अजय गर्ग
बुगरासी (बुलंदशहर)। क्षेत्र के एक कॉलेज में एक छात्र को पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है। प्रवेश पत्र मांगने पर छात्र को पीटने का शिक्षक पर आरोप लगाया जा रहा है। घटना को लेकर पुलिस को तहरीर भी दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है।
एक कॉलेज में शिक्षक द्वारा बच्चे को पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो कब का है, इसकी कोई पुष्टि नहीं हो रही है लेकिन घटना को लेकर प्रवेश पत्र नहीं देने का मामला बताया जा रहा है। घटना को लेकर एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर भी दी है। दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उसका पुत्र कॉलेज में प्रवेश पत्र लेने गया था। प्रवेश पत्र मांगने पर कॉलेज के एक शिक्षक ने छात्र की पिटाई कर डाली। कॉलेज प्रांगण में ही कुछ दूरी पर खड़े किसी ने घटना की वीडियो बना डाली। शिक्षक द्वारा छात्र को पीटने की वीडियो अब वायरल हो रही है। पुलिस ने बताया कि ग्रामीण ने तहरीर दी है। इसमें प्रवेश पत्र मांगने पर शिक्षक द्वारा पीटने का आरोप लगाया गया है। घटना में क्या सच्चाई है और छात्र को क्यों पीटा गया है इसकी जांच की जा रही है।





