Uncategorizedउत्तरप्रदेश
अमीर-गरीब की प्रेम कहानी के बीच सामाजिक दृष्टिकोण और रिश्तों के उतार-चढ़ाव का आइना है परमधरम


फिल्म समीक्षा- नवनीत अग्रवाल
पूरी तरह पारिवारिक पृष्ठभूमि और ग्रामीण परिवेश की जीवन शैली पर आधारित है राजवंश यू-ट्यूब चैनल पर प्रदर्शित फिल्म-परमधरम। अमीरी और गरीबी की सीमारेखा के बावजूद परवान चढ़ रही मोहब्बत, दोनों के बीच प्यार भरी नोकझोंक, शराबी पिता की करतूतों की वजह से हीरोइन के बहनोई के कर्ज तले दबा हीरो का परिवार, कर्ज के बोझ तले दबे होने के बावजूद हीरो का हार नहीं मानना और बीच-बीच में चमकीला वैद्य और उसके दो पुत्रों की व्यंग्य से भरी एंट्री दर्शकों को बांधे रखने में सफल रही। कुल मिलाकर फिल्म यू-ट्यूब पर हरियाणवी और देहाती फिल्मों के प्रशंसकों को खूब भा रही है।

23 अप्रैल बृहस्पतिवार को निर्माता नमिता सिरोही एवं निर्देशक विनय चौधरी की फिल्म परमधरम, राजवंश यू-ट्यूब चैनल पर रिलीज हुई। फिल्म की कहानी एक गरीब परिवार के धरम (राजीव सिरोही) और अमीर परिवार की देवी (शीतल चौहान) की नोकझोंक से भरे प्रेम से शुरू होती है। धरम का परिवार देवी के बहनोई धनपाल (संजय कुमार) के कर्ज के बोझ तले दबा है। फिल्म में नवनीत अग्रवाल चमकीला वैद्य, संतोष जांगड़ा धरम की मां, सरताज धरम के पिता, बंटी, सौरभ गोस्वामी चंगू-मंगू यानि चमकीला वैद्य के पुत्रों एवं गौरव धारीवाल चिकित्सक तथा पिंटू आहूजा आदि भी सशक्त भूमिका में हैं।

फिल्म के कैमरामैन हैं प्रिंस सैनी, बंटी ठाकुर। सहायक निर्देशक हैं अनमोल सैनी। फिल्म लिखी है नवनीत अग्रवाल ने और संपादन रोही का है। क्या धरम को अपना प्रेम मिल पाएगा? क्या धनपाल एक शराबी और अपने कर्ज के बोझ तले दबे शख्स के बेटे से अपनी साली का ब्याह करने को राजी हो जाएगा? इन सभी सवालों का जवाब जानने के लिए आपको यू-ट्यूब चैनल पर सर्च करना होगा राजवंश चैनल और देखनी होगी फिल्म-परम धरम।




