अमरोहा जनपद में 03 मई को नौ केंद्रों पर होगीअवर अभियंता (सिविल) मुख्य परीक्षा
एडीएम(न्यायिक) एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ के अंतर्गत होने वाली मुख्य परीक्षा की तैयारियों के संबंध में की समीक्षा बैठक

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद में तीन मई को नौ केंद्रों पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ के अंतर्गत अवर अभियंता (सिविल) मुख्य परीक्षा (प्रा0अ0प0-2023) का आयोजन किया जाएगा। पूर्वाहन 10 बजे से अपरान्ह 12 बजे तक होने वाली परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

बृहस्पतिवार को अपर जिलाधकारी (न्यायिक) धीरेंद्र प्रताप की अध्यक्षता और अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया की उपस्थित में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, कार्यदाई संस्था निर्धारित प्रक्रियानुसार परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्षता एवं शुचितापूर्ण ढंग से नकलविहीन संपन्न कराने के निर्देश दिए। कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर महिला अभ्यर्थियों की जांच अनिवार्य रूप से महिला कार्मिकों द्वारा की जाए। उन्होने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर उपस्थित सभी कार्मिक अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र जरूर प्रदर्शित करें। सीएमओ को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम उपलब्ध रहे। उन्होने निर्देश दिए कि सभी मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारी के साथ निरीक्षण कर परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जांच कर लें अगर कहीं कोई कमी पाई जाती है तो उसको कल तक दुरुस्त कर लें।
परीक्षा के लिए निर्धारित केन्द्र
– एकेके इण्टर कालेज, अमरोहा
– भगवत सरन इण्टर कालेज, जोया
– राजकीय बालिका इण्टर कालेज, अमरोहा
– राजकीय इण्टर कालेज, अमरोहा
– आईएम इण्टर कालेज, अमरोहा
– जेएसएच इण्टर कालेज, अमरोहा
– जेएसएच पीजी कालेज, अमरोहा
– कुन्दन माडल इण्टर कालेज, अमरोहा
– सिक्ख इण्टर कालेज, नारंगपुर
सभी परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेगी पुलिस फोर्स
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगा दी गई है। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक सभी को अपनी ड्यूटी बहुत ही अच्छे से करनी है। उक्त परीक्षा के संबंध में जो पुस्तिका है उसको ठीक से पढ़ ले ताकि किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने आने वाले अभ्यर्थियों के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सैक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।




