अमरोहाउत्तरप्रदेश

हाईवे के अवैध कट, बालू और मिट्टी खनन, गैस की किल्लत के मुद्दे छाए 

अमरोहा में सांसद कंवर सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक

– अवैध खनन करने वालों पर की जाए प्रभावी कार्रवाई

– शिलापट्ट पर अवश्य हो मा0 जनप्रतिनिधियों का नाम

– नियमानुसार हों राशन वितरण

– ग्रामों में कैम्प लगाकर शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने के निर्देश दिए

– हर घर जल योजना के शेष कार्याें को प्राथमिकता से कराएं पूर्ण

– शहरी क्षेत्रों में जाम की समस्या के समाधान के लिए बनाई जाए कार्ययोजना

नवनीत अग्रवाल

अमरोहा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में हाईवे के अवैध कट तत्काल बंद कराने, अवैध खनन पर अंकुश लगाने, रसोई गैस की किल्लत आदि मुद्दों पर चर्चा की गई।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपनी अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद कंवर सिंह तंवर ने कहा कि सभी अधिकारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाएं और प्रधानमंत्री के विजन 2047 तक भारत को विकसित बनाने को साकार करने में अपना पूर्ण योगदान दें। कहा कि उसी को ध्यान में रखकर सरकार द्वारा विकास कार्य कराए जा रहे हैं और योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास एवं निर्माण कार्याें में लगाए गए शिलापट्ट पर शासनादेशानुसार जनप्रतिनिधियों का नाम अवश्य अंकित किया जाए।

सांसद ने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाइवे किनारे कई स्थानों पर अवैध कट बना लिए गए हैं, जिनकी वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं बंद कराने के निर्देश दिए। इसके साथ हाइवे किनारे बने नालों में जलभराव की समस्या के निस्तारण के लिए सफाई कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार राशन वितरण कराने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलिंडर की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए लगातार निगरानी हो और पूर्व प्रबन्धन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एआरटीओ को निर्देशित किया कि विशेष प्रवर्तन कार्रवाई कर जनपद में बिना परमिट और अवैध रूप से चलने वाहनों को बंद कराया जाए। उन्होंने हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि तोड़ी गई सड़कों को गुणवत्तापरक तरीके से ठीक कराया जाए और शेष बाकी कार्याें को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। पूर्ण सहित चल रही योजनाओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि कि किसानों को मकाने बनाने के मिट्टी लाते हुए अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए, तहसील स्तर पर सम्बन्धित उप-जिलाधिकारी को इस हेतु निर्देश जारी किये जाएं। जिससे कि उनको परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके साथ बार बार अवैध खनन करने वालों को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुये कहा कि कि यह योजना प्रधानमंत्री की महत्वकांक्षी योजना है, इसलिए स्वच्छता को कार्याें में कोई लापरवाही न हो। सफाईकर्मियों की जिस ग्राम में तैनाती है उसमें वह अपनी ड्यूटी को जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए सफाई कार्य करें। जिन ग्रामों में सफाई न करने सम्बन्धी शिकायत प्राप्त हो रही हैं, उसका समाधान किया जाए।

सांसद ने गांवों में कैम्प लगाकर शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने, शहरी क्षेत्रों में जाम की समस्या के निजात के लिए ई-रिक्शा के लिए सिस्टेमेटिक-वे बनाने के निर्देश दिए। विद्युत अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए।

विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता की समस्या के सम्बन्ध में अपनी बात रखी। सदस्य विधान परिषद सत्यपाल सिंह सैनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए सामुदायिक शौचालयों की उपयोगिता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ उन्होंने अवैध खनन पर कार्रवाइ करने और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के बारे में अपनी बात रखी।

विधायक नौगांवा सादात समरपाल सिंह ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित 49 ग्रामों की सूची उपलब्ध कराने की बात कही। इसके साथ उन्होंने नौगांवा सादात से जोया के लिए चलने वाली इलेक्ट्रिक बस के बारे में जानकारी प्राप्त की।

अमरोहा की पालिकाध्यक्षा शशि जैन ने निजी विद्यालयों में स्कूल ड्रेस, कोर्स और फीस सम्बन्धी एवं आरटीई पोर्टल समस्याओं को रखा। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि जो भी निर्देश दिये गये हैंं । उन पर गम्भीरता के साथ शत प्रतिशत अनुपालन करना सुनिश्चित किया जायेगा।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा उदयगिरि गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव, मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, डीएफओ, ब्लॉक प्रमुख हसनपुर ममता गुर्जर,  पालिकाध्यक्ष हसनपुर राजपाल सैनी, हिमांशु त्यागी, परियोजना निदेशक डीआरडीए अम्बरीष कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Khabardar 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!