गजरौला का रेसलिंग खिलाड़ी जाएगा बैंकॉक, जुबिलेंट ने दी 51 हजार की प्रोत्साहन राशि

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद का नाम खेलजगत में एक बार फिर रोशन होने जा रहा है। बैंकॉक में होने वाली सातवीं एशियन जू जित्शु चैंपियनशिप में अमरोहा जनपद में गजरौला के रेसलिंग खिलाड़ी का चयन हुआ है। जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड ने इस उपलब्धि के लिए खिलाड़ी को वहां जाने के लिए 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की है।
बुधवार की देर शाम जुबिलेंट में सीओओ विजय श्रीवास्तव एवं यूनिट हेड हितेंद्र केशव अवस्थी ने जुबिलेंट के आफीसर्स क्लब में खिलाड़ी लुकमान अली को 51 हजार रुपये की राशि का डीडी भेंट किया। कहा कि यह गौरव की बात है कि गजरौला का खिलाड़ी थाईलैंड में अपनी प्रतिभा दिखाएगा। इस मौके पर जुबिलेंट में जनसंपर्क सुनील दीक्षित, सीएसआर हेड विकास सिंह, विनय शुक्ला, अमित जोशी, अमित पांडेय, बूंदी सिंह, श्रेया वर्मा, नवनीत ग्रेवाल आदि के साथ ही मोहरका पट्टी के प्रधान रशी अहमद, कुरबान अली, नवी हसन, इमरान, गफ्फार, अब्दुल रऊफ आदि भी मौजूद रहे। वहीं जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन के सीएसआर हेड विवेक प्रकाश ने दूरभाष पर बताया कि उन्होंने कहा कि जुबिलेंट शिक्षा एवं खेल के मैदान में प्रतिभाशालियों को शुरू से ही प्रोत्साहित करती आई है।
बता दें कि जू जित्शु एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने 24 से 28 फरवरी तक थाईलैंड बैंकॉक में होने वाली एशियन जू जित्शु चैंपियनशिप 2023 के लिए अमरोहा जनपद में गजरौला ब्लाक के गांव मोहरका पट्टी निवासी लुकमान अली का चयन किया है। वह रेसलिंग में भारत की ओर से प्रतिनिधित्व करेंगे।







