डीएम राजेश कुमार त्यागी एवं एसपी आदित्य लांग्हे ने किया गजरौला में हाईवे का निरीक्षण


नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। सावन माह शुरू हो चुका है और शिवभक्त कांवड़िए भी गंगाजल लेने के लिए निकल चुके हैं। अमरोहा के डीएम राजेश कुमार त्यागी ने एसपी आदित्य लांग्हे के संग दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे 09 का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। डीएम ने अधीनस्थों को निर्देशित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क किनारे कहीं भी बारिश का पानी न भरने पाए। यदि पेड़ अवरोध बन रहे हों तो उनकी शाखाएं कटवाएं। साथ ही मार्ग में जगह-जगह रोशनी के भी व्यापक बंदोबस्त किए जाएं। वहीं सुरक्षा को लेकर एसपी ने भी सख्त निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार की शाम डीएम एवं एसपी गजरौला में हाईवे पर बगद नदी पर क्षतिग्रस्त पुल के पास पहुंचे। यहां कांवड़ियों के लिए पुल के नीचे वाली साइड में अस्थाई सड़क बनाई गई है। वहां बारिश का पानी न भर पाए, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर कभी भी सड़क किनारे बारिश का पानी एकत्र न हो पाए। कुछ स्थानों पर वृक्षों की शाखाएं सड़क पर झूलतीं देख डीएम ने उन्हें कटवाने के निर्देश दिए। कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर जगह-जगह रोशनी की भी व्यवस्था की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि कांवड़ियों को जरा भी दिक्कत हुई तो संबंधित विभागों के अधिकारियों पर कार्रवाई होना तय है। डीएम एवं एसपी गजरौला थाना क्षेत्र में हाईवे पर स्थित ब्रजघाट चौकी पर भी पहुंचे। यहां पहुंचकर गंगानदी पर बने पुल और आसपास का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखीं। बाद में चुचैलाकलां भी पहुंचे और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम मायाशंकर यादव, मंडी धनौरा के एसडीएम राजीव राज, सीओ अरुण कुमार सिंह, गजरौला इंस्पेक्टर अशोक कुमार वर्मा भी साथ रहे।







