शहीद कैप्टन मदन पाल सिंह चौहान मेमोरियल लाइब्रेरी को मिली पुस्तकों की सौगात
वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी एवं पर्यावरणप्रेमी मांगे राम चौहान ने भी किया दौरा

नवनीत अग्रवाल
शामली (जसाला): शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए ग्राम जसाला में स्थित शहीद कैप्टन मदन पाल सिंह चौहान मेमोरियल लाइब्रेरी को हाल ही में लगभग 200 से अधिक पुस्तकों की सौगात मिली। यह सराहनीय कार्य गांव के जागरूक नागरिकों, अधिकारियों और सामाजिक सहयोग से संभव हो पाया।
यह लाइब्रेरी ग्राम जसाला के ही निवासी अधिकारियों और ग्रामीणों की एक सुंदर पहल का परिणाम है। इस पहल की शुरुआत पिछले वर्ष की गई थी और सामूहिक प्रयासों के चलते कुछ ही महीनों में लाइब्रेरी का निर्माण पूरा कर लिया गया। गांव के लोगों ने मिलकर क्राउड फंडिंग के माध्यम से इस सपने को साकार किया।
ग्राम प्रधान शिवकुमार के नेतृत्व में लाइब्रेरी की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं, जिससे यह स्थान आज बच्चों और युवाओं के लिए ज्ञान का केंद्र बन चुका है। हाल ही में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पीसीएस अधिकारी मांगे राम चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने लाइब्रेरी का दौरा किया और बच्चों से संवाद किया।
इस अवसर पर सामाजिक सहयोग की एक मिसाल पेश करते हुए बड़ी संख्या में पुस्तकें लाइब्रेरी को भेंट की गईं। ग्राम प्रधान ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
ग्रामीणों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं व सामान्य ज्ञान में भी लाभ मिलेगा। लाइब्रेरी में लगातार बढ़ती पुस्तकों की संख्या से क्षेत्र के छात्रों को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण मिल रहा है।
यह पहल न केवल शिक्षा को बढ़ावा दे रही है, बल्कि गांव में सामूहिक सहयोग और सामाजिक एकता की एक बेहतरीन मिसाल भी बन रही है।



