गंगा की छोड़ी जमीन पर हो रही अवैध खेती, प्रशासन मौन

अक्षित अग्रवाल
स्याना/बुगरासी (बुलंदशहर)। गांव भगवानपुर में गंगा द्वारा छोड़ी गई जमीन पर अवैध रूप से पालेज लगाई हुई हैं। गंगा की जमीन पर पालेज पर प्रतिबंध के बाद भी अवैध तरीके से खेती की जा रही है। प्रशासन भी इस ओर से मौन बना हुआ है। वन रक्षक ने जानकारी से ही अनभिज्ञता जताई है तो ग्राम प्रधान ने पालेज की जगह को अमरोहा के नक्शे में बताया है।
कस्बा क्षेत्र में गंगाघाटों के आसपास वन विभाग की हजारों बीघा जमीन है। समय-समय पर गंगा का जल कम होता रहता है और गंगा बीच में जमीन छोड़ देती है। इस जमीन पर बड़े स्तर पर पालेज लगा अवैध रूप से खेती की जाती रही है। हालांकि गंगा द्वारा छोड़ी जाने वाली जमीन पर न्यायालय ने भी पालेज नहीं करने का आदेश दिया है। बावजूद इसके संबंधित विभाग की मिलीभगत से पालेज लगाई जाती रही है। वर्तमाम में भगवानपुर में भी गंगा ने जमीन छोड़ी हुई है। इस जमीन पर बड़े स्तर पर पालेज लगा खेती की जा रही है। ऐसे में शमशान घाट पर शव को ले जाने वाले लोग भी पालेज के चलते अन्य स्थान पर जा शव का दाह संस्कार कर रहे हैं। वन विभाग ने अपनी जमीन के लिए निशानदेही तक की हुई है। लेकिन पालेज को लेकर वन विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग की मिलीभगत से ही पालेज लगाई गई हैं।




