हरियाणा से चोरी बाइक और मोबाइल समेत शातिर को पुलिस ने पकड़ा

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में वाहन और मोबाइल चोरी करने वाला शातिर बदमाश गजरौला पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके कब्जे से गुरुग्राम हरियाणा से चोरी की गई R 15 मोटरसाइकिल, तमंचा/कारतूस) के साथ ही चोरी के 7 महंगे मोबाइल फोन भी बरमद हुए। बुधवार को गजरौला इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि दोपहर लगभग ढाई बजे वह पुलिस टीम के साथ दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर जंगल सफारी होटल के पास राउंड पर थे। एक सूचना के आधार पर उन्होंने दिल्ली की दिशा में जा रही तेज रफ्तार यामाहा आर फिफटीन बाइक पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख वह हड़बड़ा गया और बाइक दौड़ानी चाही लेकिन उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस के अलावा कई मोबाइल भी मिले। उसे थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में अब्दुल हक्कानी निवासी गांव पांयती कलां थाना डिडौली जनपद अमरोहा व हाल निवासी न्यू जाफराबाद गोरख पार्क ललित इन्कलेव मकान नं0 डीबीसी 23 थाना मौजपुर दिल्ली ने बताया कि उसने 28 अक्तूबर 2022 को यह बाइक सफायर मॉल सेक्टर 83 गुरुग्राम से चोरी की थी। मोबाइल भी चोरी के हैं। बदमाश को पकड़ने वाली टीम में एसआई राकेश कुमार बंसल, कांस्टेबल जय मलिक, विकास कुमार, अरुण भी शामिल रहे।




