सराहनीय पहलः जुबिलेंट के मेडिकल सेंटर पर माह में दो बार होगी कैंसर की मुफ्त ओपीडी

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। अमरोहा जनपद में कैंसर के रोगियों को बेहतर उपचार और परामर्श के लिए बड़े शहरों में भटकने की जरूरत नहीं है। इतना ही नहीं अब उनके रुपये और समय की भी बचत हो सकेगी। जी हां, जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड एवं जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन ने विश्व स्वास्थ्य दिवस पर अमरोहा जनपद के गजरौला में स्थित अपने मेडिकल सेंटर पर कैंसर की ओपीडी की सौगात दी है। अब यहां प्रत्येक माह के पहले और तीसरे बृहस्पतिवार को दिल्ली से आने वाले कैंसर रोग विशेषज्ञ डा.बरिजू पॉल द्वारा मुफ्त कैंसर रोग का परामर्श दिया जाएगा। इसकी शुरूआत कर दी गई है।
शुक्रवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस पर अमरोहा जनपद के गजरौला में स्थित जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड के जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन द्वारा संचालित मेडिकल सेंटर पर मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं जांच शिविर लगाया गया। यहां रोगियों की ब्लड़ प्रेशर, थाईराइड, शुगर आदि से संबंधित जांचें की गईं। जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन के मेडिकल हेड डा.सुजिंदर फोगाट ने बताया कि गजरौला में पहली बार जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन एवं श्री जगन्नाथ चेरिटेबल कैंसर इंस्टीट्यूट गाजियाबाद के सौजन्य से कैंसर रोग विशेषज्ञ डा. बरिजू पॉल एमबीबीएस एमडी द्वारा प्रत्येक माह के पहले और तीसरे बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक कैंसर रोग का परामर्श मुफ्त दिया जाएगा। वहीं जुबिलेंट में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने बताया कि जुबिलेंट द्वारा पर्यावरण, शिक्षा, रोजगार आदि के साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई सेवाएं दी जा रही हैं।





