अमरोहाउत्तरप्रदेशउत्तराखंडदिल्ली
नोबल पब्लिक स्कूल में भव्य बाल मेले का आयोजन, विधायक राजीव तरारा रहे मौजूद
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों का संगम, लकी ड्रॉ में विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। गजरौला में स्थित नोबल पब्लिक स्कूल में ‘जलसा’ बाल मेले का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ किया गया। मेले में धनौरा क्षेत्र के विधायक राजीव तरारा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर रौनक, चहल-पहल और उत्सव का माहौल बना रहा।

शनिवार को बाल मेले में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, खान-पान के आकर्षक स्टॉल, मनोरंजक खेल, बच्चों के झूले और विभिन्न गतिविधियाँ मेले का प्रमुख आकर्षण रहीं। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। इस आयोजन ने बच्चों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने, व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।

लकी ड्रॉ में विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
मेले का विशेष आकर्षण लकी ड्रॉ रहा, जिसमें विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार के रूप में 32 इंच का HD LED टीवी काव्या सिंह को मिला। द्वितीय पुरस्कार के रूप में रेफ्रिजरेटर अर्पित ने जीता। तृतीय पुरस्कार वॉशिंग मशीन प्रेम परमार को, चतुर्थ पुरस्कार माइक्रोवेव ओवन शीला अग्रवाल को तथा पंचम पुरस्कार एयर फ्रायर को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त दस सरप्राइज पुरस्कार और दस सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए गए, जिससे विजेताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सर्वांगीण विकास की दिशा में विद्यालय की पहल
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। ‘जलसा’ जैसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सीखने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन के व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में विद्यालय प्रबंधक श्री राजीव उपाध्याय एवं प्रधानाचार्या श्रीमती नवनीत उपाध्याय का विशेष मार्गदर्शन और कुशल नेतृत्व रहा।

आयोजन में शुभम उपाध्याय, तोशिमा शर्मा के साथ ही समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। सभी ने मिलकर इस आयोजन को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘जलसा’ बाल मेले ने शिक्षा, मनोरंजन, रचनात्मकता और प्रतिभा प्रदर्शन का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। यह आयोजन विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए एक यादगार अनुभव बना और विद्यालय की सकारात्मक, जीवंत तथा विद्यार्थीकेंद्रित शैक्षणिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया।




