हसनपुर में तार जोड़ते समय करंट से संविदा कर्मी की मौत पर भड़के ग्रामीण, किया हंगामा

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद की हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में ढबारसी बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। इस पर गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के संग बिजलीघर पर हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। वहीं लाइनमैन की मृत्यु की सूचना मिलने पर हसनपुुर के क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खडगवंशी मौके पर जा पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देते हुए बिजली विभाग और सरकार से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
बता दें कि ढवारसी बिजलीघर पर तैनात तीस वर्षीय संविदाकर्मी नरेंद्र खड़गवंशी शनिवार की शाम 7 बजे आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर अधेक में तालाब के पास शटडाउन लेकर तार जोड़ने गया था। बताते हैं कि वह पोल पर चढ़ कर तार जोड़ रहा था । अचानक करंट लगने से जमीन पर आ गिरा। वह काफी झुलस चुका था। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे आदमपुर में स्थित निजी चिकित्सक के यहां ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मुरादाबाद भेजा और रात में ही इलाज के दौरान संविदा कर्मी की मौत हो गई। मृतक आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव बागडपुर छोईया का रहने वाला था। रविवार को गुस्साए परिजनों ने ढवारसी बिजली घर के सामने सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। वहीं मौके पर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी भी आ पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग के एक्सईएन को भी बुला लिया। मौके पर काफी फोर्स भी थी। विधायक ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया और साथ ही आश्वासन दिया कि मृतक के परिजनों को बिजली विभाग और सरकार से यथा संभव मदद भी दिलवाएंगे। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी है उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई भी कराएंगे। इस मामले में फीडरकर्मी, जेई और एक्सईएन के खिलाफ तहरीर दे दी गई है।







