गजरौला में हाईवे के अवैध कटों को यातायात पुलिस ने बंद कराया

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। यातायात पुलिस अमरोहा ने विशेष अभियान चलाकर दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे नाइन पर बृजघाट से गजरौला चौपला तक हाईवे पर बने कुल 14 अवैध कटो को बंद करा दिया। बता दें कि सडक दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमरोहा आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा अमरोहा जनपद में आ रहे हाईवे पर अवैध कटों को बंद कराया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को यातायात प्रभारी इन्द्रभान सिंह गौर के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने गजरौला चौपला से बृजघाट तक हाईवे पर बने कुल 14 अवैध कटो को बंद करा दिया। बता दें कि श्री राम धर्मकांटा नाईपुरा, अनिकेत कालेज के सामने, नयारा पट्रोल पंप, एचपी पट्रोल पंप, अन्नतम रिसोर्ट के सामने, मोहम्मदाबाद के सामने तथा जुबिलेंट के पास सहित कुल 14 जगहों से अवैध कटों पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। पूर्व में कई हादसे भी वहां हो चुके हैं। जिनमें कई लोग अब तक जान गंवा चुके हैं। वहीं गजरौला इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन के कोर्डिनेटर एवं जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने प्रशासन एवं एनएचएआई के अधिकारियों से अनुरोध किया है कि नाईपुरा में हाईवे पर अंडरपास बनाया जाए। उन्होंने कहा कि गजरौला में हाईवे पर इंडस्ट्रिलय एरिया भी है। इसलिए यहां स्थित औद्योगिक इकाइयों में काम करने वालों को आने जाने के लिए अंडरपास का होना बेहद आवश्यक है। यदि यहां अंडरपास बन जाएगा तो हादसे होना बंद हो जाएंगे।







