श्री वेंक्टेश्वरा ने यूपी एवं दिल्ली एनसीआर के पांच सौ से अधिक मेधावियों को किया सम्मानित

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय एवं विख्यात सक्षम एजुकेशन चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “शिक्षा महाकुंभ 2023” में देश के 100 से अधिक नामचीन विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के साथ अलग-अलग सत्रों में तीन हजार से अधिक छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। डीपीएस गाजियाबाद की 99 दशमल 80 प्रतिशत अंकों के साथ नॉर्थ रीजन की टॉपर मेधावी छात्रा अदिति नरूला एवम डीपीएस गाजियाबाद की ही 99 परसेंट मार्क्स लाने वाली यशी गोस्वामी के साथ यूपी, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड की बारहवीं की परीक्षा में 95 परसेंट से अधिक अंक लाने वाले मेधावियों को कैबिनेट मंत्री पिछड़ा वर्ग नरेंद्र कश्यप के साथ श्री वेंक्टेश्वरा में प्रतिकुलाधिपति डाक्टर राजीव त्यागी ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
एनसीआर के एक पांच सितारा रिजॉर्ट में आयोजित “शिक्षा महाकुंभ 2023” में 12वीं में विभिन्न बोर्ड की परीक्षाओं में 95 परसेंट एवं इससे अधिक अंक लाने वाले मेधावियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही इन मेधावियों को इस मुकाम तक पहुंचाने वाले विभिन्न स्कूलों के 50 से अधिक प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर “स्वामी विवेकानंद सम्मान” से नवाजा गया। सम्मान समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नरेंद्र कश्यप, राष्ट्रीय प्रेरक वक्ता एवं वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति डाक्टर राजीव त्यागी, सक्षम चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन शिक्षाविद डाक्टर अमित चौहान, “तुलसी मैन” के नाम से विख्यात “डाक्टर राजीव राज” आदि ने सरस्वती मां की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके किया। कैरियर सलाहकार एवं लाइफ कोच डाक्टर उज्जवल सिंह, विख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं कैरियर कंसलटेंट डाक्टर अनुभूति चौहान ने युवाओं को विभिन्न रोजगार परक पाठ्यकर्मों के बारे में विस्तार से बताकर उनका मार्गदर्शन किया। शिक्षा महाकुंभ 2023 की सफलता से गदगद वेंकटेश्वरा समूह के चेयरमैन डाक्टर सुधीर गिरी ने 95 परसेंट या इससे अधिक अंक लाने वाले मेधावियों को इंजीनियरिंग आईटी एवं मैनेजमेंट पाठ्यक्रमों में “निशुल्क शिक्षा” देने की प्रतिबद्धता जाहिर की। इस अवसर पर सीईओ अजय श्रीवास्तव, कुलपति डाक्टर राकेश यादव, कुलसचिव डाक्टर पीयूष पांडे, मेरठ परिसर से डॉक्टर प्रताप सिंह, सहायक कुलसचिव मारूफ चौधरी, विक्रांत चौधरी, अवनीश सिंह, नीतू श्री, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा आदि उपस्थित रहे।










