अमरोहा में राज्य महिला आयोग सदस्य ने सुनीं समस्याएं
12 महिलाओं ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य संगीता जैन ने महिला उत्पीड़न की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने तथा महिला कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आयोजित एक दिवसीय जागरूकता चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अन्नप्राशन एवं कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए एक गर्भवती महिला की गोद भराई कराई, एक बालिका का अन्नप्राशन कराया तथा दो नवजात बालिकाओं की माताओं को बेबी किट एवं मच्छरदानी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कन्या जन्म को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बेटियों के सम्मान, शिक्षा एवं सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए समाज से सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।

जनसुनवाई के दौरान 12 महिलाओं ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें माननीय सदस्य के समक्ष प्रस्तुत कीं। श्रीमती संगीता जैन ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी मामलों का यथासंभव जनपद स्तर पर ही निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता महिलाओं को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला संबंधी शिकायतों पर पूर्ण संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाए। घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों को बुलाकर वन स्टॉप सेंटर एवं महिला थाना के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई एवं काउंसलिंग कराते हुए विवादों का समाधान कराया जाए।

जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मामलों का समाधान आपसी सुलह-समझौते एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं न्याय सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने वृद्धाश्रम, अमरोहा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जबकि साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सुनीता सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमा कान्त सागर, जिला प्रोबेशन अधिकारी राकेश सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्ञान प्रकाश तिवारी, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी महिला थाना, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



