पहले से मजबूत हैं हमारे नेता, एनडीए 400 पार

अजय गर्ग
बुगरासी।(बुलंदशहर) कस्बे में सोमवार शाम रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने एडीए गठबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने रालोद के एनडीए में शामिल होने को किसान हित में लिया गया निर्णय बताया।
सोमवार को रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता भूपेंद्र चौधरी रालोद नेता शानू खान के अहाते में पहुंचे और रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन में शामिल होकर हमारे नेता जयंत चौधरी ने किसान, गरीब, मजदूर व राष्ट्र हित में निर्णय लिया है। आज हमारी सरकार में हिस्सेदारी हुई है। हमारे नेता का ओहदा पहले से भी ज्यादा मजबूत हुआ है। एनडीए गठबंधन पहले से भी ज्यादा सीट से प्रचंड बहुमत के साथ आएगा। सभी रालोद कार्यकर्ता जयंत चौधरी को मजबूत करते हुए एनडीए गठबंधन को आगे बढ़ाएं।
पूर्व विधायक एवं रालोद नेता मोहम्मद दिलनवाज खान ने कहा कि अब हमारी भी सत्ता में भागेदारी हो गई है। लोकसभा चुनाव में एनडीए को 400 पार कराते हुए जयंत चौधरी को आगे बढ़ाना है। इस दौरान भूपेंद्र चौधरी ने किसानों की समस्याएं भी सुनी। रविवार रात बारिश व ओलावृष्टि में हुए फसल के नुकसान को लेकर किसानों ने मुआवजे की मांग की। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि सरकार मुआवजे की घोषणा कर चुकी है। पीड़ित किसान को सही मुआवजा मिले इसके लिए उन्होंने तहसील स्तर पर अधिकारियों से संपर्क कर किसान हित में काम करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि फसल के हुए नुकसान की फोटोग्राफी अपने पास रखें ताकि पीड़ित की फसल का वास्तविक आकलन हो और उसे सही मुआवजा मिल सके। इस दौरान शानू खान, यूनुस प्रधान, इकराम कुरैशी, असफाक अंसारी, इकबाल अंसारी, ताहिर खां, इकराम पहलवान आदि सहित अनेक रालोद कार्यकर्ता रहे।




