अमरोहा में भाजपा कार्यालय पर हुई सहकारिता चुनाव के संबंध में बैठक


नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। हसनपुर के विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी एवं मंडी धनौरा के विधायक राजीव तरारा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के चलते पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही संपन्न खंड स्नातक चुनाव में भाजपा को मिली सफलता इसका प्रमाण है।
बृहस्पतिवार को अमरोहा में स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पर सहकारिता चुनाव को लेकर बैठक आयोजित की गई। मुख्य अतिथि जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय महामंत्री डाक्टर विकास अग्रवाल का भाजपा के जिलाध्यक्ष डाक्टर ऋषिपाल सिंह नागर के नेतृत्व में स्वागत किया गया। बैठक में सहकारिता चुनाव में भी रिकार्ड जीत हासिल करने की रणनीति पर चर्चा की गई। डाक्टर विकास अग्रवाल ने पार्टीजनों को एक सूत्र में बंधे रहने का मंत्र दिया। कहा कि एकजुटता ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है। हसनपुर के विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और मंडी धनौरा के विधायक राजीव तरारा ने पार्टी की उपलब्धियां बताते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोगों के बीच जाकर इसकी जानकारी उन्हें दें। बैठक में गजरौला की ब्लाक प्रमुख के पति एवं भाजपा के जिलाउपाध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रमेश रामहट, पूर्व चेयरपर्सन शशी जैन, जिला महामंत्री चन्द्रभान भाटी, रामवीर खंडसाल, तेजपाल सिंह, डाक्टर उत्तम सिंह प्रजापति.तेजपाल सिंह आदि भी रहे।







