बाढ़ग्रस्त गांवों के ग्रामीणों को जेबीएफ ने दीं राशन की एक हजार किट

– प्रशासन के सहयोग से कराया जा रहा है प्रभावित गांवों में वितरण
नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। अमरोहा जनपद में गजरौला एवं मंडी धनौरा ब्लाक के खादर में बाढ़ग्रस्त तीस से अधिक गांवों में प्रशासन द्वारा जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त राशन किटों का वितरण कराया जा रहा है। फसलें नष्ट होने और घरों में पानी भरा होने के कारण परेशानी का सामना कर रहे ग्रामीणों के लिए राशन की ये किटें काफी फायदेमंद साबित हो रही हैं।
बता दें कि पिछले कई दिनों से खादर में गंगा से घिरे दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
दारानगर, टीकोवाली, शीशोवाली, मंदिर वाली भुड्डी, अलीनगर, पपसरी खादर, पहाड़पुर पट्टी, सिपिया फार्म, शेरपुर, आजमपुर, चांदना फार्म, रसूलपुर भांवर, मुकारमपुर, सुल्तानपुर आदि में हालात काफी खराब हैं। हालांकि दो दिन से गंगा का जलस्तर घटा है लेकिन खेतों और गांवों में अभी भी पानी भरा हुआ है। गांवों को जाने वाली सड़कें जगह-जगह से कट गई हैं। ऐसे में ग्रामीणों के सामने भरणपोषण का संकट भी खड़ा हो गया है। बताते हैं कि बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए प्रशासन ने जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड प्रबंधन से सहयोग मांगा था। जुबिलेंट में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने बताया कि जेबीएफ की ओर से एक हजार किटें मुहैया कराई गई हैं।जिन्हें संबंधित गांवों में लेखपाल और राजस्व विभाग की टीम की निगरानी में वितरित कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक किट में आटा, चावल, आलू, प्याज, सरसों का तेल, नमक, मसाले आदि सामग्री है।






