गन्ना किसानों का भुगतान 14 दिनों के भीतर कराने की व्यवस्था कराए सरकार
गजरौला में हुई भारतीय किसान यूनियन (असली) की बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर भरी हुंकार

अमरोहा। गजरौला में भारतीय किसान यूनियन असली की बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी उमेशपाल सिंह ने कहा कि गन्ना किसानों को सरकार 14 दिनों के अंदर भुगतान कराने की व्यवस्था कराए। साथ ही उन्होंने छुट्टा पशुओं द्वारा खेती और जनमानस को पहुंचाए जा रहे नुकसान पर चर्चा की।

सोमवार को नगर के रमाबाई आम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय के मैदान में आयोजित बैठक में उमेशपाल सिंह ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार को किसानों के हित के लिए काम करना चाहिए। किसान दिन रात मेहनत करके देशवासियों का पेट भरने का काम करता है और उसके बाद भी किसान की समस्याओं को दूर करने में सरकारें कोई दिलचस्पी नहीं दिखातीं। उन्होंने कहा कि गन्ना मूल्य का भुगतान 14 दिनों के अंदर किया जाए तो वहीं छुट्टा पशुओं की समस्या से निजात दिलाई जाए। बैठक में संगठन विस्तार पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बचन सिंह, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष लोकेश सिंह उर्फ सोमवीर, नगर अध्यक्ष राहुल वर्मा, भूपेन्द्र सिंह, खचेड़ू सिंह, जसपाल सिंह, समरपाल सिंह, गोकल सिंह, महेन्द्र सिंह, जयवीर सिंह, शाकिर अली आदि मौजूद रहे।



