उजाला सिग्नस हेल्थकेयर के डा. शुचिन बजाज को मिला 14वां सोशल एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर पुरस्कार

जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन और विश्व आर्थिक मंच की सहयोगी संस्था श्वाब फाउंडेशन फॉर सोशल एंटरप्रेन्योरशिप रहे आर्गनाइजर
नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन और विश्व आर्थिक मंच की सहयोगी संस्था श्वाब फाउंडेशन फॉर सोशल एंटरप्रेन्योरशिप ने उजाला सिग्नस हेल्थकेयर के डा. शुचिन बजाज को प्रतिष्ठित 14 वें सोशल एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया। यह पुरस्कार भारत सरकार के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत द्वारा प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति में एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। जुबिलेंट परिसर में इसकी खुशियां मनाई गईँ।
बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में अमिताभ कांत ने कहा कि डा. शुचिन बजाज आर्थिक रूप से कमजोरों के लिए उनकी सुविधा और कम कीमत पर सुपर-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। श्वाब फाउंडेशन फॉर सोशल एंटरप्रेन्योरशिप की सह-संस्थापक और अध्यक्ष हिल्डे श्वाब और विश्व आर्थिक मंच के संस्थापक और कार्यकारी अध्यक्ष और श्वाब फाउंडेशन फॉर सोशल एंटरप्रेन्योरशिप के सह-संस्थापक प्रोफेसर क्लॉस श्वाब ने सामाजिक उद्यमियों के काम की सराहना की। जुबिलेंट भरतिया ग्रुप के अध्यक्ष और संस्थापक श्याम एस भरतिया और जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन के संस्थापक निदेशक हरि एस भरतिया ने कहा कि यह साल हमारे लिए बेहद खास है। वहीं शुक्रवार को गजरौला में जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने बताया कि जुबिलेंट के लिए यह काफी गौरव की बात है।



