अमरोहाउत्तरप्रदेश
अमरोहा में डीएम डा. नितिन गौड़ ने की सीएसआर फंड पर उद्यमियों के साथ बैठक
गजरौला से जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड समेत कई औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जिलाधिकारी डा. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी-सी एस आर फंड के संबंध में जनपद के प्रमुख उद्यमियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई । बैठक में कंपनी अधिनियम 2013 के अंतर्गत कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के प्रावधानों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी डा. नितिन गौड़ द्वारा जनपद के उद्यमियों को सीएसआर के अंतर्गत मुख्यत स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, स्त्री सशक्तिकरण, पर्यावरणीय संपोषण, ग्रामीण विकास आदि क्षेत्रों से संबंधित परियोजनाओं में अपना योगदान देने हेतु प्रोत्साहित किया गया। डीएम द्वारा जनपद के सभी उद्यमियों को सीएसआर के अंतर्गत एक कार्य योजना बनाने तथा सामाजिक व आर्थिक विकास से जुड़े जनपद स्तरीय कार्यालयों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पारदर्शी व प्रभावी रूप से कार्य योजनाओं को क्रियान्वित करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र द्वारा जनपद के उद्यमियों को ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, जल संरक्षण व स्वास्थ्य से संबंधित परियोजनाओं में सीएसआर फंड का उपयोग करने हेतु सुझाव दिए गए। इस उद्यमी संवाद में उपायुक्त उद्योग अनूप कुमार श्रीवास्तव तथा जनपद अमरोहा की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड, बेस्ट क्रॉप साइंस प्राईवेट लिमिटेड. तेवा एपीआई, आरएसीएल गियरटेक लिमिटेड, सीएल गुप्ता एक्सपोट्स प्राइवेट लिमिटेड, वेव इंडस्ट्रीज, त्रिवेणी शुगर मिल आदि के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



