नाव के पंखे की ब्लेड में आईं बच्चे की टांग, हालत गंभीर

अजय गर्ग
बुगरासी (बुलंदशहर)। क्षेत्र के गांव भगवानपुर गंगा में स्नान कर रहा 11 वर्षीय बच्चा नाव के पंखे की ब्लेड की चपेट में आ गया। बच्चे की दोनों टांग का काफी हिस्सा ब्लेड से कट गया। लहूलुहान हुए बच्चे को तत्काल स्याना ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
मोहल्ला भूड़वाला निवासी 11 साल का योगेश बुधवार को कुछ अन्य बच्चों के साथ भगवानपुर गंगा में स्नान कर रहा था। गंगा में जेनरेटर इंजन की कई नाव भी चलती है। नहाने के दौरान योगेश नाव के पंखे की तेज धार की ब्लेड की चपेट में आ गया। योगेश की दोनों टांग बुरी तरह जख्मी हो गईं। खून से लथपथ योगेश को तत्काल स्याना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया उनकी टांगों का ऑपरेशन किया जा रहा है। चिकित्सक के अनुसार दोनों टांगों में गहरी चोट है। फिलहाल नसों को जोड़कर टांके लगाए गए हैं। हालत काफी गंभीर है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। टांग में नाव से चोट लगने के कारण का अभी पता नहीं चला है। पुलिस ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



