हसनपुर में महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष में निकाली गई प्रभात फेरी
भारी संख्या में सम्मिलित हुए अग्रबंधु, संस्थापक अध्यक्ष डा.शिवचरण दास एवं उमेश अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया शुभारंभ

प्रवीन अग्रवाल
अमरोहा। हसनपुर नगर में महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य एवं विशाल प्रभात फेरी निकाली गई।

शुक्रवार को हसनपुर नगर की अग्रवाल धर्मशाला से प्रारंभ प्रभात फेरी का का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष डा. शिवचरण दास एवं उमेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से महाराज जी चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके किया। प्रभात फेरी नगर की अग्रवाल धर्मशाला के पश्चिमी गेट से प्रारंभ होकर रहरा रोड, वहां से वापस मुख्य बाजार, मोहल्ला महल, मोहल्ला कायस्थान, होली चौक, पुराना डाकखाना से होती हुई अग्रवाल धर्मशाला पर जाकर संपन्न हुई।

इस बीच प्रभात फेरी का जगह-जगह पुष्प बरसाकर स्वागत किया गया। वहीं प्रभात फेरी में शामिल अग्रवाल समाज के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला, प्रभात फेरी में अग्रवाल समाज के लोग हाथों में महाराजा अग्रसेन जी का झंडा लेकर नारे लगाते हुए चल रहे थे। प्रभात फेरी के उपरांत अग्रवाल धर्मशाला में ध्वजारोहण एवं महाराज जी की आरती की गई। वही 11 बजे हवन यज्ञ का आयोजन किया गया एवं प्रसाद का वितरण किया गया।

दोपहर 2 बजे से बच्चों की खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें बच्चों ने कुर्सी दौड़, ड्राइंग, बेस्ट मटेरियल से शोपीस तैयार करना आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इस मौके पर अग्रवाल सभा/न्यास महिला अग्रवाल सभा, युवा अग्रवाल सभा के पदाधिकारी एवं सदस्यों सहित अग्रवाल समाज के सैकड़ो महिला, पुरुष एवं बच्चों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया, वही सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मौजूद रहा l




