अमरोहा जनपद के तीन महाविद्यालयों में मेरे सपनों का भारत विषय पर हुईं प्रतियोगिताएं
विद्यार्थियों ने 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना को ज्ञान, कला एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति के माध्यम से किया प्रस्तुत

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा/हसनपुर/गजरौला। शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद अमरोहा के विभिन्न महाविद्यालयों में “मेरे सपनों का भारत” विषय पर पोस्टर एवं पेंटिंग, “मेरे सपनों का भारत” सामान्य ज्ञान तथा “2047 के विकसित भारत की संकल्पना/सरकार का जनकल्याणकारी योजनाएं“ भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना को ज्ञान, कला एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया।

इसी क्रम में रमाबाई अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय, गजरौला, अमरोहा में बुधवार को जनपद स्तरीय पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने इस जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने के लिए दो घंटे का समय दिया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ, शिक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को अत्यंत रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। पोस्टरों एवं पेंटिंग में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण, डिजिटल एवं तकनीकी विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के अवसर तथा सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से अभिव्यक्त किया गया। अनेक प्रतिभागियों ने भारत की वैज्ञानिक प्रगति, आधुनिक आधारभूत संरचना एवं आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था को भी अपनी कलाकृतियों में स्थान दिया।

वहीं जे.एस. हिन्दू पी.जी. कॉलेज, अमरोहा तथा संघटक राजकीय महाविद्यालय, हसनपुर सहित जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी “मेरे सपनों का भारत” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण, राष्ट्र की प्रगति, शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, सामाजिक समरसता तथा नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्र के प्रति उनके सपनों, आकांक्षाओं और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सक्रिय योगदान, कर्तव्यबोध एवं जिम्मेदारी से संभव होगी। जनपद स्तरीय पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्वेता अग्रवाल एवं डॉ. नेहा अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रतियोगिता के मूल्यांकन का दायित्व डॉ. अनिल सिंह, डॉ. पल्लवी एवं डॉ. सोहन सिंह बौद्ध ने निर्णायक मंडल के रूप में निभाया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की रचनात्मकता, विषय की प्रासंगिकता, कलात्मक अभिव्यक्ति, संदेश की स्पष्टता एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर कलाकृतियों का मूल्यांकन किया गया। जनपद स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन जे एस हिंदू पीजी कॉलेज अमरोहा में किया गया। प्रतियोगिता के उपरांत निर्णायक मंडल ने प्रश्न पत्र का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में डॉ अरविंद कुमार, श्री जितेंद्र कुमार एवं डॉ शिवानी गोयल उपस्थित रही। कार्यक्रम आयोजन डॉ0 पीयूष कुमार ने कराया।

जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय संघटक महाविद्यालय, हसनपुर में किया गया। जिसका विषय 2047 के विकसित भारत की संकल्पना/सरकार का जनकल्याणकारी योजनाएं रहा। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में डॉ. परमजीत कौर (संघटक राजकीय महाविद्यालय, हसनपुर) , डॉ. राहुल कुमार कौर (संघटक राजकीय महाविद्यालय, हसनपुर), डॉ. गजेन्द्र कुमार कौर (संघटक राजकीय महाविद्यालय, हसनपुर) एवं डॉ. प्रतिभा सारास्वत (भागीरथी देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडी धनौरा) उपस्थित रही। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अजीता रानी ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित करते हुए कहा कि पोस्टर एवं पेंटिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता को अभिव्यक्ति देने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र-निर्माण के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि “मेरे सपनों का भारत” विषय पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कलाकृतियों में विकसित भारत के प्रति उनकी सकारात्मक सोच, रचनात्मक दृष्टि और देश के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। आज के युवा ही वर्ष 2047 के विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिताओं के परिणाम निम्नवत रहे—
पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता
प्रथम – वुशरा (बी.एस.सी. तृतीय ) रमाबाई अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय गजरौला
द्वितीय – विवेक कुमार (बी.एस.सी. प्रथम सेमेस्टर) संघटक राजकीय महाविद्यालय, हसनपुर
तृतीय –हिबा (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) संघटक राजकीय महाविद्यालय, हसनपुर
सांत्वना- रीतिका, महक नाज एवं रिफा
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता
प्रथम – निशांत पवार(बी.सी.ए. तृतीय सेमेस्टर) जे0एस0 हिंदू पी0जी0 कॉलेज अमरोहा
द्वितीय – अंशिका गुप्ता (बी.एस.सी. प्रथम सेमेस्टर मैंथ ) रमाबाई अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय गजरौला
तृतीय – यासिरा ऐन(बी.एस.सी. तृतीय सेमेस्टर) जे0एस0 हिंदू पी0जी0 कॉलेज अमरोहा
भाषण प्रतियोगिता
प्रथम – गोरांशी अग्रवाल(बी.एस.सी. तृतीय सेमेस्टर) रमाबाई अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय गजरौला
द्वितीय – उर्वशी शर्मा (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) संघटक राजकीय महाविद्यालय, हसनपुर
तृतीय – आयुषी आर्य (बी.एस.सी. तृतीय सेमेस्टर) वाई.एम.एस. पी.जी. कॉलेज, धनौरा
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों, संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों, प्राध्यापकों, निर्णायक मंडल एवं आयोजन समिति के सदस्यों का कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।



