अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स ने रोका सभी एमओआईसी का वेतन
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में संस्थागत प्रसव में कमी और उचित मॉनिटरिंग न करने पर दिए निर्देश

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत गठित जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। कमियों पर सख्त निर्देश जारी किए गए। डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने के साथ ही सभी एमओआईसी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सोमवार को आयोजित बैठक में डीएम निधि गुप्ता वत्स ने चिकित्सालयों में संस्थागत प्रसव में कमी पाए जाने और सही मॉनिटरिंग न करने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ सभी राजकीय स्वास्थ्य इकाईयों में संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि संस्थागत प्रसव बढ़ाने हेतु आशा/एएनएम के कार्यों की समीक्षा करें और खराब कार्य करने वाली आशाओं और एएनएम पर कड़ी कार्यवाही करें। उन्होंने सभी एमओआईसी को उचित मॉनिटिंग करने के निर्देश दिए। स्पष्ट निर्देश दिए कि जो आशाएं और एएनएम सही कार्य नहीं कर रही उनको चिन्हित करते हुए कड़ी कार्यवाही की जाए। इसके साथ उन्होंने नियमित टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई बच्चा टीकाकरण से न छूटे।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत चल रहे अभियान के अंतर्गत सभी पात्रों एवं 70 वर्ष से अधिक आयु वाले वृद्ध जनो के शत-प्रतशित आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिये। आयुष्मान योजना के अंतर्गत चल रहे अभियान में धीमी प्रगति पर भी सभी एमओआईसी का स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में लगी टीमों की स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रतिमाह विजिट की सही मॉनिटरिंग न करने पर आरबीएसके के नोडल अधिकारी विपुल का स्पष्टीकरण जारी करने के साथ वेतन रोकने के निर्देश दिए। जन्म और मृत्यु के पंजीकरण निर्धारित समयावधि में करने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ मृत्यु की संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए एमओआईसी को निर्देश दिए कि आशाओं और एएनएम को सभी गर्भवत महिलाओं को चिकित्सालय में ही लाने के लिए प्रेरित करें ताकि इसमें कमी आए। आरसीएच पोर्टल पर प्रदेश के औसत से कम पंजीकरण पर अमरोहा, धनौरा और जोया ब्लॉक के बीपीएम का वेतन रोकने के निर्देश दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर भटपुरा अमरोहा में तैनात सीएचओ गुलाम वारिस द्वारा ई संजीवनी ओपीडी में खराब प्रदर्शन करने पर उनको हटाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही एफआरयू की प्रगति, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत कार्य की स्थिति, संस्थागत प्रसव, परिवार नियोजन, ई-संजीवनी ओपीडी, ई-कवच, आभा आईडी एवं जन्म-मृत्यु पंजीकरण, टीबी कार्यक्रम, आशा भुगतान, टीकाकरण प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्यपाल सिंह, सीएमएस डा. एके भंडारी सहित संबंधित अधिकारी और समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।



