तिगरी में सांड की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला, छटपटाते हुए भटकता रहा, पकड़ने पहुंची टीम नहीं मिला

सोमवार की सुबह सात बजे वीडियो आया था सामने, मंगलवार की दोपहर ढूंढने पहुंची टीम शाम को निराश होकर लौटी
नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। अमरोहा जनपद में गजरौला ब्लाक के गांव तिगरी गंगाधाम में सोमवार की सुबह सवेरे किसी ने गंगातट पर घूम रहे आवारा सांड की गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहार कर दिया। इससे उसकी गदर्न का मांस भी बाहर निकल आया और खून की धारा बह निकली। वहां रहने वाले पंडित ऋषभ शर्मा ने सांड का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी लेकिन किसी ने सुध नहीं ली । वरिष्ठ पत्रकार एमपी सिंह ने भी मुख्यमंत्री समेत कई अधिकारियों को ट्वीट किया। मंगलवार की दोपहर पशु चिकित्सालय विभाग एवं नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची लेकिन शाम तक सांड नहीं मिला। पशु चिकित्सा अधिकारी ने बुधवार को फिर से टीम भेजने की बात कही है।
बता दें कि सोमवार को दिनभर यह सांड घायल अवस्था में गंगा तट पर ही भटकता रहा। उसकी गर्दन से खून की धारा बह रही थी। तिगरी निवासी पंडित ऋषभ शर्मा ने बताया कि उन्होंने कई लोगों को फोन किए लेकिन कोई नहीं आया। मंगलवार की सुबह 10 बजे तक लहूलुहान सांड को गंगा तट पर ही भटकते हुए देखा गया था। दोपहर में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अतुल राजपूत ने अपनी टीम के साथ ही पालिका कर्मियों को आवारा पशु पकड़ने वाले वाहन को लेकर वहां भेजा लेकिन घायल सांड नहीं मिला। शाम सात बजे उन्होंने बताया कि बुधवार को फिर से टीम भेजी जाएगी।
24 जून की सुबह घायल सांड की वीडियो मुख्यमंत्री आफिस, डीजीपी आफिस, डीएम अमरोहा एवं अमरोहा पुलिस को एक्स पर ट्वीट की गई । अमरोहा पुलिस ने इस पर संज्ञान लेकर गजरौला इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान को विधिक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान ने बताया कि बिजार पर हमला करने वाले की तलाश कराई जा रही है। पकड़े जाने पर उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
खास बात यह है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पशु प्रेमी भी हैं। अमरोहा की जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स भी गौवंश के संरक्षण को लेकर काफी संजीदा हैं। जनपद में कई हिंदू संगठन और पशु प्रेमी संगठन भी सक्रिय हैं। इसके बावजूद घायल सांड को 36 घंटे बाद भी ना तो उपचार मिला और उसका पता भी नहीं चल पा रहा।




