अमरोहा डीएम राजेश कुमार त्यागी बगद को पुर्नजीवित करने को बेहद गंभीर, बोले- सभी बनें इस पुनीत कार्य के भागीदार

– गजरौला और हसनपुर के गांवों में युद्धस्तर पर चल रहा खोदाई का कार्य
– डीएम आए दिन ले रहे हैं समीक्षा बैठक, कोताही पर दी कार्रवाई की चेतावनी
– नदी के पुराने स्वरूप में लौटने पर होने वाले फायदे गिनाकर मनोयोग से कार्य करने को कहा
नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने ठान लिया है कि वह विलुप्त हो चुकी बगद नदी को पुर्नजीवित करके ही दम लेंगे और शीघ्र ही उसे पुराना स्वरूप लौटाकर उसमें जल प्रवाह कराएंगे। इसके लिए गजरौला और हसनपुर ब्लाक में बगद नदी के क्षेत्र में युद्धस्तर पर खोदाई का कार्य जारी है। तमाम व्यस्तता के बावजूद डीएम स्वयं इसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं। इतना ही नहीं समय-समय पर कार्य की प्रगति जानने को समीक्षा बैठकें भी ले रहे हैं। सही मायने में डीएम बगद नदी के लिए भागीरथ बने हैं।
बृहस्पतिवार को बगद नदी को जीर्णोद्धार किए जाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं से नदी की खोदाई किये जाने के संबंध में समीक्षा वैठक आयोजित की गई । जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओ व विभागों से एक एक करके जानकारी ली कि कितना कार्य आवंटन था? कितनी लंबाई तक किस विभाग द्वारा नदी की खोदाई कराई गई और कितनी अभी बाकी है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि बगद नदी के जीर्णोद्धार के लिए जिस विभाग को जो लक्ष्य आवंटित किया गया है। उसको अभियान चलाकर पूरा करें। इसमे कोई लापरवाही न हो यह सुनिश्चित करें । सभी अधिकारी सहभागी बनें और बढ़-चढ़कर श्रमदान करें। इसमें सभी विभागों की सहभागिता आवश्यक है। नदी के जीर्णोद्धार का कार्य प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा। । जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विभाग के अधिकारी द्वारा 200 मीटर नदी के खोदाई का कार्य प्राथमिकता के साथ श्रमदान करके किया जाना है। जिस विभाग को जितना क्षेत्रफल आवंटित किया गया है उसकी पूरी जिम्मेदारी होगी कि वो बगद नदी के जीर्णोद्धार के लिए श्रमदान कराकर खोदाई का कार्य अपने निर्देशन में कराए । डीएम ने कहा कि यह पुनीत का कार्य है। नदी पुर्नजीवित होने से कई प्रकार के लाभ हो सकेंगे। इसमें सभी लोग तन्मयता के साथ श्रमदान कर सहभागी बनें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक मायाशंकर यादव, परियोजना निदेशक अमरेंद्र प्रताप, खंड विकास अधिकारी / उपजिलाधिकारी अमरोहा विकास मित्तल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि लगभग चार दशक पूर्व तक बगद नदी गजरौला से होकर गुजरती थी और इसका जल सिंचाई व पीने के काम आता था। धीरे-धीरे यह नदी विलुप्त होती चली गई और दबंगों ने नदी की भूमि पर कब्जा कर लिया। अमरोहा के डीएम राजेश कुमार त्यागी ने बगद नदी को पुर्नजीवित करने का बीड़ा उठाया है और इसके लिए गजरौला और हसनपुर क्षेत्र के गांवों में तेजी से खोदाई का कार्य भी चल रहा है। डीएम राजेश कुमार के इस एतिहासिक और अभूतपूर्व प्रयास की सर्वत्र प्रशंसा हो रही है।







