बढ़ता तापमान गेहूं के लिए नुकसानदेह, आम को लाभ

अजय गर्ग
बुगरासी (बुलंदशहर)। तीन दिन से बढ़ रहा तापमान गेहूं की फसल के लिए किसान नुकसानदेह बता रहे हैं। गेहूं की पिछैती फसल में अभी बाली भी नहीं आई है और तापमान तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है। वहीं अगेती फसल में बाली आने लगी है। लेकिन बढ़ता तापमान गेहूं के दाने को बारीक कर सकता है। यह तापमान आम की फसल के लिए लाभदायक होगा।
पिछले तीन दिन से धूप में तेजी होने के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि धूप में बैठना भी मुश्किल हो रहा है। हालांकि सुबह व शाम को अभी सर्दी है। लेकिन पूरे दिन तापमान बढ़ने के कारण किसान इसे गेहूं की फसल के लिए नुकसानदेह बता रहे हैं। दीपक त्यागी, पप्पू लोधी, संजीव त्यागी, विपिन शास्त्री आदि किसानों ने बताया कि अगेती फसल नवंबर माह में बोई गई थी जबकि गेहूं की पिछैती फसल दिसंबर माह तक लग पाई है। अभी अगेती फसल में बाली आना शुरू हो गई है। लेकिन अभी दाना बनना शुरू नहीं हुआ है। तापमान बढ़ने लगा है, जबकि गेहूं की फसल के लिए कम तापमान की जरूरत होती है। अभी दो सप्ताह कम तापमान की जरूरत है। यदि तापमान लगातार बढ़ता है तो गेहूं का दाना बारीक रह सकता है। वर्तमान का बढ़ता तापमान गेहूं के लिए नुकसानदेह है। वहीं इस समय तक हर वर्ष आमों पर बोर आ जाता था। इस बार अभी तक बोर नहीं आया है। जगदीश राणा, विजेंद्र सिंह, शानू खान आदि बागवानों ने बताया कि जिस तरीके से तापमान बढ़ रहा है और बोर नहीं हुआ है यह आम की फसल के लिए लाभदायक रहेगा।




