पार्किंग वाले गाड़ियों को चुपचाप उठा कर रहे अवैध वसूली

स्याना बुगरासी (बुलंदशहर) अक्षित अग्रवाल। तहसील में पार्किंग वाले बाहर खड़े वाहनों को चुपचाप उठा अवैध वसूली कर रहे हैं। वाहन चालकों से 200 रुपए प्रति वाहन तक वसूली की जा रही है। पार्किंग संचालक कहीं भी शिकायत करने की खुली धमकी तक दे रहे हैं।
तहसील परिसर में वाहन खड़े करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था की हुई है। पार्किंग संचालक प्रति बाइक के रूप लेकर रसीद देते हैं। कुछ बाइक चालक पार्किंग शुल्क बचाने के लिए तहसील से बाहर दुकान के आगे या गली में भी बाइक लगा काम के लिए अंदर चले जाते हैं। ऐसे ही वाहनों को पार्किंग चलाने वाले बिना वाहन चालक को बताए उठाकर अंदर कर लेते हैं। बाद में वाहन देने की एवज में 200 रूपए तक वसूले जाते हैं। बुगरासी निवासी अभिषेक ने बताया कि वह तारीख पर आया था। उसने बाहर खाली पड़े एक स्थान पर बाइक खड़ी कर दी। कुछ देर बाद वापस लौटा तो बाइक गायब थी। जब काफी देर तक भी बाइक नहीं मिली तो पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए जाने लगा। तभी पार्किंग वाले ने बाइक अंदर खड़ी किए जाने की बात स्वीकारी। बाइक के बदले पार्किंग वाले ने 200 रुपए की मांग की। इसे लेकर दोनों में पहले तो कहासुनी हुई। बाद में पीड़ित अपने अधिवक्ता को साथ ले आया। अधिवक्ता द्वारा सिफारिश किए जाने पर पार्किंग वाले ने पीड़ित को बाइक लौटाई। अभिषेक ने बताया कि उनकी बाइक के अतिरिक्त एक अन्य व्यक्ति की विक्की भी पार्किंग वालों ने बिना बताए अंदर खड़ी कर ली थी। जिसे लेकर दोनों में बहुत ज्यादा कहासुनी हुई थी। बिना बताए ऐसे वाहन ले जाने से जहां कई बार वाहन चालक चोरी की रिपोर्ट कराने चले जाते हैं तो कुछ कागजों में कमी के चलते ऐसे ही छोड़ जाते हैं। लेकिन पार्किंग वालों द्वारा बिना बताए वाहन उठाने पर वाहन चालकों में रोष भी है।
एसडीएम ने कहा
मामला जानकारी में नहीं है। दिखवाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।-देवेंद्रपाल सिंह, एसडीम स्याना
सीओ ने कहा
बिना बताए वाहन उठाने को लेकर मामला संज्ञान में नहीं है। मामला गंभीर है। पार्किंग वालों को हिदायत दी जाएगी। कोई वाहन चालक आता है तो पार्किंग वाले के खिलाफ वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। – भास्कर मिश्रा, सीओ स्याना



