भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत 25 को करेंगे सोशल एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर इंडिया अवार्ड की घोषणा

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। श्वाब फाउंडेशन फॉर सोशल एंटरप्रेन्योरशिप एवं जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन के साथ साझेदारी में ‘सोशल एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर’ इंडिया अवार्ड 2023 के बहु-प्रतीक्षित 14 वें संस्करण के लिए नई दिल्ली में 25 अगस्त को होने वाले सम्मेलन में भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत मुख्य अतिथि होंगे। सोशल एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर इंडिया अवार्ड के विजेता का चयन एक प्रतिष्ठित जूरी द्वारा किया जाएगा। जिसमें उद्योग जगत के दिग्गज और विभिन्न पृष्ठभूमि के प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल होंगे। पुरस्कार की घोषणा 25 अगस्त को नई दिल्ली में वैश्विक नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के बीच एक भव्य समारोह में की जाएगी। वर्ष 2010 में श्वाब फाउंडेशन फॉर सोशल एंटरप्रेन्योरशिप और जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन सोशल एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर इंडिया अवार्ड के द्वारा भारत में सामाजिक नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक साथ आए थे। सोमवार की शाम जुबिलेंट में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने बताया कि इस अवार्ड के लिए आवेदन किए जाने वाले शीर्ष पांच क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पर्यावरण (अपशिष्ट प्रबंधन), जल और उद्यम विकास शामिल हैं। पुरस्कार समारोह भारत में जी 20 के बिज़नेस 20 के मौके पर होगा।




