गजरौला मे फर्जी मतदान के आरोप-प्रत्यारोंपों के बीच पूर्व विधायक हिरासत में, देर शाम भेजा घर

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद के गजरौला में मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर मारपीट और एक स्थान पर पथराव की घटना भी हुई। डीएम बीके त्रिपाठी एवं एसपी आदित्य लांग्हे की मौजूदगी में पूर्व विधायक हरपाल सिंह को भी हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। भाजपा, बसपा एवं सपा प्रत्याशियों के एजेंटों ने एक-दूसरे पर फर्जी मतदान कराने के आरोप भी लगाए। इसे लेकर उनके बीच नोकझोंक भी हुई। वहीं मतदान को लेकर लोगों खासकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बृहस्पतिवार को प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में मतदान हुआ। सवेरे से ही मतदान केंद्रों पर कतारें लगनीं शुरू हो गई थी। हालांकि सुबह के समय वोटरों का रूझान कम रहा लेकिन नौ बजे के बाद बूथों पर भीड़ बढ़नी शुरू हो गई थी। गजरौला में विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत लोगों ने भी वोट डाले। जुबिलेंट में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने अपनी पत्नी अंजु दीक्षित के संग मतदान किया। वहीं जुबिलेंट के अलावा अन्य फैक्ट्रियों के कर्मियों ने भी मतदान में हिस्सा लिया।
वहीं गजरौला में निवर्तमान सभासद गीता रानी ने वार्ड शिवपुरी, गंगा नगर में पहली बार वोट डालने बालो युवाओं का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष चौधरी वीरेन्द्र सिंह, भाजपा के मंडल अध्यक्ष उत्तम सिंह प्रजापति, गुरुवचन सिद्ध, कुलवंत सिंह, रमन देव, कुलदीप सिंह, आकाश, विनय कुमार, मीनाक्षी, कामनी, राजकुमार, ईशांत देव, सुंदर सिंह आदि भी मौजूद रहे। उधर, देर शाम पुलिस ने पूर्व विधायक हरपाल सिंह को घर भेज दिया। इससे पूर्व वहां एकत्र उनके समर्थकों ने थाने के बाहर काफी हंगामा भी किया।








