विश्व टीबी दिवस पर जुबिलेंट इंग्रेविया एवं जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन करेगा आईजीआरएस सिस्टम लांच

नवनीत अग्रवाल



अमरोहा। विश्व क्षय रोग (टीबी) दिवस पर 24 मार्च को जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड एवं जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन के सहयोग से आईजीआरएस सिस्टम लांच किया जाएगा। जिसके माध्यम से टीबी के मरीजों को कॉल कर जानकारी प्रदान की जाएगी कि उन्होंने दवा खाई है अथवा नहीं।
शुक्रवार को कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज में जनपद के प्रधानाचार्यों के संग विश्व टीबी दिवस से संबंधित बैठक का आयोजन किया गया। जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन में मेडिकल हेड डॉक्टर सुजिंदर सिंह फोगाट ने इस रोग के लक्षण एवं बचाव के संबंध में जानकारी दी। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस पर जुबिलेंट के सहयोग से आईजीआरएस सिस्टम लांच किया जाएगा। जिसके माध्यम से टीबी के मरीजों को कॉल के माध्यम से जानकारी ली जाएगी कि यदि उन्होंने दवा खाई है तो 01 दबाएं, नहीं खाई है तो 02 दबाएं, उपलब्ध है तो 03 दबाएं आदि की पूर्ण जानकारी आईजीआरएस सिस्टम के माध्यम से टीबी मरीजों से ली जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि विश्व में टीबी मरीजों के 20 प्रतिशत मरीज केवल भारत में हैं। इसलिए भारत सरकार भारत को टीबी मुक्त बनाने के लिए कई योजनाएं व जागरूकता अभियान चला रही है ताकि टीबी को जड़ से खत्म किया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों को कहा कि टीबी के संबंध में प्रत्येक कक्षा में एक लेक्चर अवश्य होना चाहिए ताकि बच्चे टीबी के बारे में जानकारी प्राप्त करें और अपने घर जाकर वह आस-पास इसकी जागरूकता फैलाएं। उन्होंने टीबी को जड़ से खत्म करने के अभियान में सभी से उम्मीद की कि अन्य योजनाओं की तरह टीबी मुक्त अभियान मेें प्रदेश में जनपद अमरोहा अव्वल आये। मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ल ने कहा कि लोगों में जागरूकता की कमी है और हमें लोगों को जागरूक करना है। यह समझाना है कि टीबी कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। इसका इलाज शत-प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य इस जागरूकता का प्रमुख माध्यम हैं ताकि उन के माध्यम से बच्चों और बच्चों के माध्यम से समाज में इसकी जागरूकता फैलाई जा सके। उन्होनें कहा कि अपने-अपने विद्यालयों में 18 मार्च से पहले विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराएं। जैसे-पोस्टर प्रतियोगिता, ड्राइंग प्रतियोगिता आदि। 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस के पर एक रैली निकाली जाएगी । उन्होंने कहा कि 2 वैन के माध्यम से सभी ब्लॉक में जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा, जिसके माध्यम से लोगों को जागरूकता प्रदान हो और इसकी जानकारी और इस मुहिम को आगे बढ़ाया जा सके। जुबिलेंट गजरौला के प्रतिनिधि डॉक्टर फोगाट द्वारा टीबी से संबंधित लक्षणों की जानकारी देते हुये बताया कि इसे छाती में तेज दर्द, भूख में कमी आना, बुखार आना, सांस लेने में तकलीफ, बलगम के साथ खून का आना, तीन हफ्ते से ज्यादा खांसी, वजन का अचानक घटना आदि प्रमुख लक्षण हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजीव सिंघल, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



