ब्रजघाट में बसपा सांसद कुंवर दानिश अली की मौजूदगी में हुआ पां हजार लावारिस मृतकों की अस्थियों का विसर्जन
नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। दिल्ली व एनसीआर के विभिन्न श्मशान घाटों में रखीं पांच हजार लावारिस मृतकों की अस्थियों को हापुड़ जनपद की तीर्थनगरी ब्रजघाट में गंगा में विसर्जित किया गया। इस दौरान अमरोहा लोकसभा क्षेत्र के बसपा सांसद कुंवर दानिश अली भी मौजूद रहे। उन्होंने इन सभी की आत्मा की शांति के लिए गंगामैया से प्रार्थना भी की। रविवार की शाम अमरोहा के बसपा सांसद अपनी लोकसभा क्षेत्र में आने वाले हापुड़ जनपद की तीर्थनगरी ब्रजघाट पहुंचे। वहां अस्थिविसर्जन सेवा समिति द्वारा राजधानी व एन सी आर के विभिन्न श्मशान घाटों से लगभग पांच हजार लावारिस मृतकों की अस्थियों को श्मशानघाट गाजीपुर दिल्ली में एकत्रित कर, उन्हें वहाँ से सुसज्जित रथ पर अस्थिकलश के रूप में रखकर बृजघाट गढ़मुक्तेश्वर लाया गया था। सांसद कुँवर दानिश अली ने ब्रजघाट में स्थित गेस्ट गेस्ट हाउस से अस्थिविसर्जन यात्रा में भाग लिया। उन्होंने लावारिस मृतकों के अस्थिकलशों को पुष्पांजलि अर्पित की तथा ईश्वर से उनकी आत्मा की शान्ति की प्रार्थना की। बाद में सनातन धर्म के अनुसार विधिविधान से मोक्षदायिनी मां गंगा बृजघाट में इन सभी की अस्थियों को प्रवाहित किया गया। कुँवर दानिश अली ने कहा कि भगवान न करे किसी की अस्थि विसर्जन अपने परिजनों के बिना हो। अगर होता भी है तो मृतक चाहे जिस धर्म के हों, उनका अन्तिम संस्कार उनके धर्म के अनुसार पूरी रीति रिवाज से हो। सांसद ने कहा कि अस्थि विसर्जन सेवा समिति द्वारा किया जा रहा ये कार्य बहुत ही सराहनीय है।








