गैंगस्टर में निरुद्ध 12 खनन माफियाओं की 96 लाख की संपत्ति कुर्क

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद में थाना नौगांवा सादात पुलिस ने खनन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध गांव सैदपुर इम्मा निवासी 12 खनन माफियाओं मोहम्मद कासिम बाबू उर्फ बाबू अहमद, अनीस, फकरुद्दीन, छोटे, मुस्तकीम, हंसार उर्फ अंसार, बुंदू, आलम, कमरुद्दीन, जलालुद्दीन, शाहबुद्दीन और शरीफ की 96 लाख से अधिक की चल-अचल संपत्ति कुर्क की गई है। पुलिस-प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से खनन माफियाओं में खलबली मची हुई है। मंगलवार को नौगांवा सादाता इंस्पेक्टर संत कुमार फोर्स के संग गांव सैदपुर इम्मा पहुंचे और गांव में खनन माफियाओं की संपत्ति कुर्क करने से पूर्व मुनादी कराई। इतना ही नहीं खनन माफियाओं के घरों के बाहर खड़े होकर लाउडस्पीकर से एनाउंस भी किया। इंस्पेक्टर संत कुमार ने बताया कि 12 खनन माफियाओं के सात मकान, सात ट्रैक्टर एवं पांच बाइकें कुर्क की गई हैं। वहीं पुलिस-प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से जनपद भर में खनन का अवैध धंधा करने वालों के होश उड़े हुए हैं।




