गजरौला में पूर्व विधायक हरपाल सिंह और उनकी पत्नी बसपा प्रत्याशी राजेंद्र देवी उर्फ उमा शराब बांटने में फंसे, रिपोर्ट दर्ज

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद के गजरौला में नगर पालिका परिषद के चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए जमकर शराब परोसी जा रही है। बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने पूर्व विधायक हरपाल सिंह एवं बसपा के टिकट पर पालिकाध्यक्ष का चुनाव लड़ रहीं उनकी पत्नी राजेंद्री देवी उर्फ उमा के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुधवार की रात साढ़े आठ बजे गजरौला इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि बुधवार की दोपहर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो मंगलवार की रात गजरौला के मोहल्ला कविनगर का है। यहां पूर्व विधायक हरपाल सिंह का आवास है और वह बसपा के टिकट पर अपनी पत्नी राजेंद्री देवी उर्फ उमा को पालिकाध्यक्ष के पद पर चुनाव लड़ा रहे हैं। मोहल्ला कविनगर में उन्होंने अपने आवास पर बिना अनुमति के बसपा का चुनावी कार्यालय भी खोला हुआ है। वहां हंगामे की सूचना पर 112 डायल पुलिस भी पहुंची थी और पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर भगदड़ मच गई थी।
मंगलवार की रात उन्होंने अपनी पत्नी के पक्ष में मतदाताओं को मतदान करने के लिए शराब बांटकर अपने पक्ष में वोट डालने के लिये प्रेरित किया और अनाधिकृत चुनाव प्रचार कार्यालय पर जनसभा का आयोजन किया। इससे वहां भीड एकत्र हो गई। बुधवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने राजेन्द्री देवी उर्फ उमा देवी व हरपाल सिंह से मकान में चुनाव प्रचार कार्यालय खोलने व 25 अप्रैल की रात्रि मकान पर जनसभा करने की अनुमति मांगी। लेकिन वे इससे सम्बन्धित कोई अनुमति नही दिखा सके। इसके बाद पूर्व विधायक हरपाल सिंह और उनकी पत्नी राजेंद्री देवी उर्फ उमा देवी के साथ ही 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
बता दें कि गजरौला में वोटरों को लुभाने के लिए नगर के कई मोहल्लों में सभासद भी शराब को पानी की तरह बहा रहे हैं।




