राष्ट्रीय प्रजापति एकता सभा की बैठक में लिया एकजुटता का संकल्प
गजरौला में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. उत्तम सिंह प्रजापति के आवास पर हुआ बैठक का आयोजन

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। राष्ट्रीय प्रजापति एकता सभा की बैठक में समाज की एकता, विकास, और अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सोमवार को गजरौला में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. उत्तम सिंह प्रजापति के आवास पर हुई बैठक में समाज के प्रबुद्धजनों ने एकजुट होकर अपने विचार रखे। अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार प्रजापति ने कहा कि राष्ट्रीय प्रजापति एकता सभा का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और समाज को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। उन्होंने समाज की एकता को सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि यदि सभी समाज बंधु संगठित होकर कार्य करें, तो समाज के प्रत्येक व्यक्ति का उत्थान संभव है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. उत्तम सिंह प्रजापति ने कहा कि समाज के विकास में एकता और अखंडता का विशेष महत्व है। उन्होंने यह भी बताया कि समाज की प्रगति के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। डा. प्रजापति ने सभी समाज बंधुओं से आग्रह किया कि वे राष्ट्रीय प्रजापति एकता सभा के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग दें। मुख्य महासचिव दिनेश कुमार प्रजापति ने कहा कि समाज को अपनी पहचान बनाने और अपने अधिकारों को स्थापित करने के लिए जागरूक होना जरूरी है। निवर्तमान मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह प्रजापति ने कहा कि समाज के युवा वर्ग को आगे आकर नेतृत्व करना चाहिए और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए संगठित प्रयास करना चाहिए। बैठक में रजनीश प्रजापति, धर्मेंद्र सिंह प्रजापति, अरुण कुमार, तपिश कुमार, रितिक कुमार, गोपाल कृष्ण, प्रिंस कुमार, और नारायण दास प्रजापति ने भी सभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।



