कोटद्वार में मिला धनौरा विधायक राजीव तरारा को विशेष सम्मान, पढ़िए पूरी खबर–
डा,भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर "समता प्रेरणा सम्मान समारोह एवं गोष्ठी" का आयोजन

नवनीत अग्रवाल
कोटद्वार (उत्तराखंड)। डा. बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) जॉन-1 द्वारा कोटद्वार (उत्तराखंड) में आयोजित “समता प्रेरणा सम्मान समारोह एवं गोष्ठी” का आयोजन किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश में मंडी धनौरा के विधायक राजीव तरारा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रतिनिधि के रूप में प्रतिनिधित्व किया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए विधायकों, संसदीय प्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों ने सम्मिलित होकर बाबा साहेब के राष्ट्रनिर्माण में योगदान को नमन किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा तीन सदस्यी प्रतिनिधिमंडल में नामित किए जाने पर विधायक राजीव तरारा ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम , उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार की विधायक ऋतु खंडूरी सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल आयोजन उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष द्वारा किया गया। जिसमें समाजहित के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इस दौरान धनौरा विधायक राजीव तरारा को भी विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया।

विधायक राजीव तरारा ने कहा कि “डा. आंबेडकर समानता, सामाजिक न्याय एवं समतामूलक व्यवस्था के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक उस व्यक्ति को समर्पित है, जो डा. भीमराव आंबेडकर के समतामूलक व न्यायपूर्ण समाज के सपने को साकार करने में निरंतर सक्रिय योगदान दे रहा है। बाबा साहेब के विचार हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे कि हम बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाएं।
”



