पुलिस को देख आरोपी हुआ फरार, किशोरी हुई बरामद

बुगरासी।(बुलंदशहर)अजय गर्ग। पांच दिन पूर्व किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोपी पुलिस को देख फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के साथ आई किशोरी को पकड़ लिया। किशोरी के पिता ने चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बरामद किशोरी को न्यायालय में बयान के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
पांच दिन पूर्व क्षेत्र निवासी एक नाबालिग इंटर कॉलेज में पढ़ने गई थी। नाबालिग घर नहीं पहुंची। किशोरी के पिता ने तीन अलग-अलग गांव के चार को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चारों कॉलेज के ही छात्र बताए गए थे। पीड़ित पिता ने चारों आरोपियों पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस तभी से आरोपियों सहित नाबालिग की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को पुलिस ने बुगरासी के बुगरासी-चंदियामा तिराहे से नाबालिग को बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी नाबालिग को कहीं ले जाने की फिराक में था। आरोपी पुलिस को देख फरार हो गया जबकि पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि नाबालिग को न्यायालय में पेश कर बयान के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



